जशपुर, 8 जुलाई 2025 – जशपुर नगर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने शहर में बढ़ती दुर्घटनाओं, लापरवाह वाहन चालकों की स्पीडिंग, और अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था को लेकर अपनी चिंताओं को SSP के समक्ष विस्तार से रखा।
व्यापारी संघ ने की ये प्रमुख मांगें:
- शहर की मुख्य सड़कों पर हाई स्पीड वाहनों की रोकथाम हेतु कदम उठाए जाएं।
- दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु प्रमुख मार्गों एवं स्कूलों के समीप स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं।
- चौक-चौराहों, बाजार और संवेदनशील क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
- जिन गलियों में स्ट्रीट लाइट नहीं हैं, वहां जल्द से जल्द प्रकाश की व्यवस्था की जाए।
व्यापारी प्रतिनिधियों ने कहा कि शहर में कई जगह अंधेरा और तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाओं व आपराधिक घटनाओं को न्यौता दे रहे हैं। इसलिए सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करना समय की आवश्यकता है।
SSP ने व्यापारियों को दिया आश्वासन
SSP शशि मोहन सिंह ने व्यापारी संघ की मांगों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे को कलेक्टर श्री रोहित व्यास के साथ होने वाली बैठक में प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन एक समन्वित योजना तैयार करेगा, ताकि नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा दोनों सुनिश्चित की जा सके।
SSP ने व्यापारी संघ से भी सहयोग की अपील की और कहा:
“आप सभी अपने दुकान और मकान के सामने सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं। ये कैमरे अपराधों की जांच में सबसे कारगर उपकरण हैं। हाल ही में कुनकुरी में हुई लूट की घटना में सीसीटीवी के माध्यम से ही आरोपी को पकड़ा गया था।”
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस और जनता के बीच संवाद और सहयोग से ही शहर को सुरक्षित बनाया जा सकता है।

