बकरी चोरी का पर्दाफाश : जशपुर पुलिस की फिल्मी स्टाइल रेड, बगीचा क्षेत्र से बकरी चोर गिरोह धराया, अंबिकापुर में दरिमा चौक से हुई गिरफ्तारी, बगीचा पुलिस ने टेक्निकल टीम और मुखबिरों की मदद से चार आरोपी किए गिरफ्तार, एसएसपी ने दी शाबाशी.

बकरी चोरी का पर्दाफाश : जशपुर पुलिस की फिल्मी स्टाइल रेड, बगीचा क्षेत्र से बकरी चोर गिरोह धराया, अंबिकापुर में दरिमा चौक से हुई गिरफ्तारी, बगीचा पुलिस ने टेक्निकल टीम और मुखबिरों की मदद से चार आरोपी किए गिरफ्तार, एसएसपी ने दी शाबाशी.

मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 30 जून 2025 को ग्राम कुहापानी थाना बगीचा निवासी 30 वर्षीय प्रार्थी सुरेश तिग्गा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 29 जून 2025 को वह ग्राम कुहापानी में अपने घर से कुछ दूरी पर अपनी बकरियों को चरा रहा था व बकरियों से कुछ दूरी पर सड़क के पास खड़ा था। इसी दौरान शाम करीबन 03:00 बजे उसकी बकरियों के पास अचानक एक ग्रे कलर की एक कार आकर रुकी, जिसमें से पांच व्यक्ति उतरे व उसकी दो नग बकरी व खस्सी को उठा कर कार से ले गए, प्रार्थी के द्वारा कार का पीछा किया गया, परंतु आरोपी तेजी से कार को दौड़ा कर भाग गए। प्रार्थी के द्वारा बकरी चोरी में प्रयुक्त कार का नंबर CG 10 V 9456 नोट कर लिया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रार्थी के द्वारा बताए गए, संदेही कार नंबर की जानकारी, तत्काल पुलिस की टेक्निकल टीम को दी गई, साथ ही बकरी चोरी की घटना को लेकर पुलिस के मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस की टेक्निकल टीम से प्राप्त जानकारी व मुखबिर की सूचना से पुलिस की पता चला कि उक्त संदेही कार, बटईकेला, नकना के पास देखी गई है व अंबिकापुर की ओर जा रही है। जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर थाना बगीचा पुलिस की टीम के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए उक्त संदेही कार को ट्रेस कर पीछा किया जाने लगा तथा थाना प्रभारी मणिपुर जिला अंबिकापुर निरीक्षक श्री अश्विनी सिंह से संपर्क कर उक्त संदेही वाहन की जानकारी देते हुए, नाकाबंदी हेतु सहयोग मांगा गया। अंततः अंबिकापुर दरिमा चौक के पास बगीचा पुलिस व थाना मणिपुर जिला अंबिकापुर पुलिस की संयुक्त टीम को उक्त संदेही वाहन को पकड़ने में सफलता मिली। बगीचा पुलिस के द्वारा संदेही वाहन चालक आरोपी अजीत पैंकरा उम्र 22 वर्ष निवासी बालमपुर, सुलपारा थाना सीतापुर जिला अंबिकापुर (छग) को हिरासत में लेकर वापस लाया गया।

पुलिस की पूछताछ पर पहले तो आरोपी अजीत पैंकरा, पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था, परंतु पुलिस के मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आगे वह टूट गया और बताया कि उसके द्वारा ही अपने साथियों के साथ मिलकर कार से बकरी को चुरा कर ले जाया गया था व उक्त चोरी की बकरी को सीतापुर निवासी नूअल्ला खान के पास बेच देना बताया।

पुलिस के द्वारा आरोपी अजीत पैंकरा की निशानदेही पर, मामले में शामिल दो आरोपी क्रमशः आशीष केरकेट्टा उम्र 20 वर्ष निवासी तिलाईधार थाना सीतापुर जिला अंबिकापुर ( छ. ग)  व अंकित तिग्गा उम्र 20 वर्ष निवासी तिलाईधार थाना सीतापुर जिला अंबिकापुर (छग) व चोरी की बकरी खरीदने वाले आरोपी नुअल्ला खान उम्र 42 वर्ष निवासी रायकेरा थाना सीतापुर जिला अंबिकापुर (छग) को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से दो नग चोरी की बकरी को भी बरामद कर लिया गया है, साथ बकरी चोरी में शामिल दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस के द्वारा चिन्हित कर लिया गया है, जिन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

प्रकरण में आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

चूंकि इलाके में बकरी चोरी की शिकायतें मिल रहीं थीं, अतः पुलिस ने चोरी की बकरी खरीदने वाले को भी गिरफ्तार किया है, अन्य मामलों में भी उसकी संलिप्तता के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।

Crime Jashpur