रायपुर, 20 अप्रैल 2025 : छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने शनिवार को राज्य में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के व्यापक स्तर पर तबादले और पदस्थापन का आदेश जारी किया है। 20 वरिष्ठ व युवा अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के साथ अलग-अलग स्थानों पर पदस्थ किया गया है, जिनमें पुलिस महानिरीक्षक (IG), पुलिस अधीक्षक (SP) और विशेष इकाइयों के सेनानी जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
इस फेरबदल में कई रेंज स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। आईजी सरगुजा रेंज श्री अंकित कुमार गर्ग को आईजी, एसआईबी मुख्यालय नवा रायपुर बनाया गया है, वहीं आईजी दीपक कुमार झा अब सरगुजा रेंज की कमान संभालेंगे। आईजी ध्रुव गुप्ता को सीआईडी, सीसीटीएनएस व तकनीकी सेवाओं का संयुक्त दायित्व सौंपा गया है।
पुलिस अधीक्षक स्तर पर भी कई जिलों में बदलाव किए गए हैं। विवेक शुक्ला (SP जांजगीर-चांपा) को एआईजी, सीआईडी, राजेश अग्रवाल को SP सरगुजा, विजय अग्रवाल को SP दुर्ग और भावना गुप्ता को SP बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में पदस्थ किया गया है।
इसके अतिरिक्त SP धमतरी अंजनेय वार्षीय को SP सारंगढ़-बिलाईगढ़, लक्ष्य शर्मा को SP खैरागढ़-छुईखदान-गंडई तथा एस.आर. भगत को SP गौरेला-पेंड्रा-मरवाही बनाया गया है। कई अधिकारियों को वीआईपी सुरक्षा वाहिनी, एसटीएफ, अग्निशमन व आपात सेवाओं, तथा विशेष शाखा जैसे विशिष्ट पदों पर भी जिम्मेदारियाँ दी गई हैं।
यह आदेश राज्यपाल के नाम से एवं अवर सचिव डी.एस. धुवे के हस्ताक्षर से जारी किया गया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

