कुनकुरी में दर्दनाक हादसा : सेप्टिक टैंक बना मौत का जाल, महिला की गिरने से हुई मौत

कुनकुरी में दर्दनाक हादसा : सेप्टिक टैंक बना मौत का जाल, महिला की गिरने से हुई मौत

कुनकुरी, 8 अप्रैल 2025 : जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत लम्बीटोली गांव में एक महिला की सेप्टिक टैंक में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान आसोमती बाई (उम्र 43 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में दुर्घटनावश गिर गईं और ढक्कन टूटकर उनके ऊपर गिर जाने से दम घुटने से उनकी मृत्यु हो गई। थाना कुनकुरी में मर्ग क्रमांक 24/2025 धारा 194 BNSS के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

कैसे हुआ हादसा?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका के पति हीरालाल राम (उम्र 45 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि 06 अप्रैल की दोपहर वे बकरी चराने गए थे और उनकी पत्नी घर पर अकेली थी। शाम करीब 5:30 बजे जब वह लौटे तो पत्नी घर में नहीं मिली। काफी खोजबीन के बाद भी कोई पता नहीं चला।

अगली सुबह जब वह फिर से बस्ती में पता करने निकले, उसी वक्त उनकी बेटी सुशांति बाई दौड़ते हुए आई और सूचना दी कि माँ सेप्टिक टैंक में गिरी पड़ी है। जब परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो देखा कि आसोमती बाई का शरीर टंकी में गंदगी में डूबा हुआ था, केवल पैर और साड़ी का हिस्सा दिखाई दे रहा था। सेप्टिक टैंक का ढक्कन टूटा हुआ और भीतर गिरा हुआ पाया गया।

शुरुआती जांच में क्या सामने आया?

पुलिस और परिजनों का मानना है कि मृतका पानी लेने या नहाने गई होंगी और टंकी के पास बैठते वक्त ढक्कन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह अंदर गिर पड़ीं। गंदगी में सिर और चेहरा डूब जाने तथा ढक्कन दब जाने से उनका दम घुट गया।

पुलिस कार्रवाई और मर्ग दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही प्रआर 16 ढलेश्वर यादव द्वारा मर्ग इंटीमेशन दर्ज कर शव पंचनामा की कार्यवाही शुरू कर दी गई। इस संबंध में SDM कुनकुरी को भी सूचना भेज दी गई है।

Jashpur