मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी के डायलिसिस सेंटर का शुभारंभ किया
जशपुर 21 फरवरी 25/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सीएम कैम्प कार्यालय बगिया में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी के लिए चार बिस्तर की डायलिसिस सेंटर का शुभारंभ किया । लोगों की स्वास्थ्य की दृष्टि से मुख्यमंत्री बहुत ही संवेदनशील है। जशपुर के लोगों को जशपुर जिले के साथ ही कुनकुरी में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें इसके लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं। अब कुनकुरी के आसपास के लोगों को अम्बिकापुर और रांची जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। कुनकुरी में मरीजों के लिए 220 बिस्तर अस्पताल बनाने के लिए स्वीकृत दी गई।
इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, राज्य सभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, कृष्णा राय, सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और विधायक श्रीमती गोमती साय ,नव निर्वाचित दुलदुला के बी डी सी शौर्य प्रताप सिंह जुदेव और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि जिला जशपुर में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। 220 बिस्तरीय अस्पताल की स्वीकृति के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुनकुरी में 04 बिस्तरीय डायलिसिस यूनिट का संचालन प्रारंभ किया जा रहा है। गरीबों को निःशुल्क डायलिसिस सेवाएं प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत डायलिसिस के लिये जिले से बाहर जैसे अंबिकापुर, रांची. रायगढ़ जाने की जरूरत ना हो इसके लिये जिला चिकित्सालय जशपुर में 05 बिस्तरीय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पत्थलगांव में 03 बिस्तरीय डायलिसिस यूनिट का संचालन किया जा रहा है।
वर्तमान में आम नागरिकों के सुविधा को ध्यान में रखते हुये भौगोलिक दृष्टि से जिले के मध्य में स्थिति सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुनकुरी में 04 बिस्तरीय डायलिसिस यूनिट प्रारंभ किया जा रहा है। निश्चित ही जिले के मरीजों को डायलिसिस के लिये लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। कुनकुरी विकासखण्ड के साथ साथ अन्य सीमावर्ती विकासखण्डों के लगभग 75 किड़नी रोग से ग्रसित मरीजों को इस डायलिसिस यूनिट का लाभ मिलेगा। जिले में अब तक कुल 217 मरीजों को कुल 18171 डायलिसिस सेशन दिये जा चुके हैं।