पत्नी की संदिग्ध मौत को हादसा बताकर परिजनों को किया गुमराह, कब्र से शव निकलवाने पर सामने आया खौफनाक सच! चरित्र शंका में पति ने की थी हत्या, टांगी बरामद कर आरोपी गिरफ्तार

पत्नी की संदिग्ध मौत को हादसा बताकर परिजनों को किया गुमराह, कब्र से शव निकलवाने पर सामने आया खौफनाक सच! चरित्र शंका में पति ने की थी हत्या, टांगी बरामद कर आरोपी गिरफ्तार

चरित्र शंका में पति ने टांगी के पासा से वार कर की अपनी ही पत्नी की हत्या, खाट से गिरने के कारण मृत्यु होना बताकर परिजनों को किया गुमराह।

संदिग्ध मृत्यु की रिपोर्ट पर कब्र से शव निकलवाकर कराया गया पोस्टमार्टम, रिपोर्ट में हुआ हत्या का खुलासा।

हत्या के बाद वास्तविकता छिपाने के लिए आरोपी ने खाट से गिरने की झूठी कहानी बताकर परिजनों एवं समाज के लोगों से करवाया था शव का दफन।

पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर भेजा जेल, घटना में प्रयुक्त बांस के बेंट लगा लोहे का टांगी किया जप्त।

मामला थाना कुनकुरी क्षेत्रांतर्गत ग्राम खजूरबहार का।

जशपुर : दिनांक 20.11.2026 को प्रार्थिया सीता बाई, उम्र 45 वर्ष, निवासी कुडमुरा नंदीटोली, थाना नारायणपुर, जो मृतिका पार्वती बाई की छोटी बहन है, द्वारा थाना कुनकुरी में उपस्थित होकर अपनी बड़ी बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

प्रार्थिया ने पुलिस को बताया कि उसकी बड़ी बहन पार्वती बाई, उम्र 52 वर्ष, का विवाह ग्राम खजूरबहार निवासी मुखलाल राम के साथ हुआ था। दिनांक 06.11.2026 को शाम लगभग 05:00 बजे मृतिका की बहू ने फोन कर पार्वती बाई की मृत्यु होने की सूचना दी थी। सूचना मिलने पर प्रार्थिया अगले दिन ग्राम खजूरबहार पहुंची, जहां उसकी बहन घर के कमरे में मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। मृतिका के सिर एवं माथे पर गंभीर चोट के निशान थे तथा खून निकला हुआ था।

मृतिका के पति मुखलाल राम ने परिजनों को बताया था कि पार्वती बाई खाट से गिर गई थी, जिससे उसके सिर में चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। पति की बात पर विश्वास करते हुए परिजनों एवं समाज के लोगों ने दिनांक 07.11.2026 को मृतिका के शव को दफन कर दिया था। कुछ समय बाद प्रार्थिया को अपनी बहन की मृत्यु की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उसे आशंका थी कि उसके पति द्वारा ही मारपीट कर उसकी हत्या की गई है। इस पर प्रार्थिया ने थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

कब्र से शव निकलवाकर कराया गया पोस्टमार्टम, रिपोर्ट में हुआ हत्या का खुलासा:- प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना कुनकुरी में मर्ग क्रमांक 80/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग जांच प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा गवाहों के कथन दर्ज किए गए तथा विधिवत वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए दफन किए गए मृतिका के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में चिकित्सक द्वारा मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक होना लेख किया गया। इस प्रकार पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि पार्वती बाई की मृत्यु खाट से गिरने के कारण नहीं, बल्कि उसकी हत्या किए जाने से हुई थी।

चरित्र शंका को लेकर आरोपी ने पत्नी पर किया टांगी से वार:- पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतिका के पति मुखलाल राम के विरुद्ध थाना कुनकुरी में अपराध क्रमांक 226/2026, धारा 103(1), 238(क) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया तथा संदेही पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी मुखलाल राम ने बताया कि वह अपनी पत्नी पार्वती बाई के चरित्र को लेकर शंका करता था। दिनांक 06.11.2026 को दोपहर लगभग 12:30 से 01:00 बजे के मध्य उसने अपनी पत्नी को किसी व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी बात को लेकर वह आक्रोशित हो गया और घर में रखे टांगी के पासा भाग से अपनी पत्नी के सिर, माथे एवं सीने पर दो-तीन बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण पार्वती बाई की मृत्यु हो गई।

पत्नी की मृत्यु के बाद आरोपी ने घटना की वास्तविकता छिपाने एवं स्वयं को बचाने के उद्देश्य से परिजनों को गुमराह करते हुए बताया कि पार्वती बाई खाट से गिर गई थी, जिससे उसके सिर में चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। आरोपी द्वारा बताई गई इस झूठी कहानी पर विश्वास कर परिजनों एवं समाज के लोगों ने दिनांक 07.11.2026 को मृतिका के शव को दफन कर दिया था।

आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी जप्त:- आरोपी की निशानदेही पर पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त बांस का बेंट लगा लोहे का टांगी उसके घर से बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने एवं पूछताछ में अपराध स्वीकार किए जाने पर पुलिस द्वारा उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। प्रकरण में थाना कुनकुरी पुलिस द्वारा अग्रिम विवेचना एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

उक्त मामले की कार्यवाही एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर सिंह वारले, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आरक्षक आदित्य साय एवं आरक्षक चंद्रशेखर बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आरोपी के विरुद्ध थाना कुनकुरी में अपराध क्रमांक 226/2026, धारा 103(1), 238(क) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध।

गिरफ्तार आरोपी :- मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम, उम्र 62 वर्ष, निवासी ग्राम खजूरबहार (चौहान पारा), थाना कुनकुरी, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़)।

Crime Jashpur