पहाड़, झरने, जंगल और जनजातीय संस्कृति… जशपुर में सजने जा रहा रोमांच का महाकुंभ! जम्बूरी 2026 में एडवेंचर स्पोर्ट्स से लेकर पारंपरिक खानपान तक होंगे खास आकर्षण, पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

पहाड़, झरने, जंगल और जनजातीय संस्कृति… जशपुर में सजने जा रहा रोमांच का महाकुंभ! जम्बूरी 2026 में एडवेंचर स्पोर्ट्स से लेकर पारंपरिक खानपान तक होंगे खास आकर्षण, पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

जशपुर जम्बूरी 2026 में रोमांच, साहसिक खेल और जनजातीय संस्कृति का होगा अनूठा संगम

देशभर के पर्यटकों एवं युवाओं को आकर्षित करने की तैयारी

जशपुर : जिले की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जनजातीय संस्कृति और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से जशपुर जम्बूरी 2026 का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजन को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

जम्बूरी में रोमांचक खेलों, प्रकृति भ्रमण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्थानीय खानपान और जनजातीय परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

जशपुर जम्बूरी में देशभर के युवाओं, पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न साहसिक, मनोरंजक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इसमें रॉक क्लाइंबिंग, जिपलाइन, हॉट एयर बैलून और एडवेंचर गेम्स जैसे रोमांचक आकर्षण शामिल होंगे।

वहीं कयाकिंग, बोटिंग सहित जल क्रीड़ा गतिविधियां प्रतिभागियों को उत्साह और रोमांच का अनुभव कराएंगी।

 रोमांच और प्रकृति के बीच होगा यादगार अनुभव

जम्बूरी में प्राकृतिक पर्यटन के तहत ट्रेकिंग, नेचर वॉक, बर्ड वॉचिंग और प्रकृति फोटोग्राफी जैसी गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को जशपुर की खूबसूरत वादियों, पहाड़ों और वन क्षेत्रों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

इसके साथ ही साइकिलिंग, तीरंदाजी, रस्साकशी और पारंपरिक ग्रामीण खेलों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

 जनजातीय कला, संस्कृति और खानपान बनेगा आकर्षण

आयोजन में स्थानीय जनजातीय कला, बांस शिल्प, हस्तनिर्मित वस्तुओं और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। छत्तीसगढ़ी एवं जनजातीय पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल पर्यटकों को स्थानीय स्वाद से परिचित कराएंगे।

टेंट कैंपिंग, बोनफायर और सांस्कृतिक संध्या के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रकृति के बीच मनोरंजन के साथ स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को करीब से अनुभव करने का अवसर मिलेगा।

 स्थानीय युवाओं और पर्यटन व्यवसाय को मिलेगा प्रोत्साहन

जशपुर जम्बूरी 2026 पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, होमस्टे संचालकों, हस्तशिल्प कलाकारों और व्यवसायियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।

आयोजन से स्थानीय उत्पादों, खानपान और पर्यटन सेवाओं को व्यापक मंच मिलने की उम्मीद है।

 पर्यटन मानचित्र पर जशपुर को मिलेगी नई पहचान

हरी-भरी वादियों, झरनों, पहाड़ों, वन संपदा और समृद्ध जनजातीय परंपराओं से परिपूर्ण जशपुर जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। जम्बूरी के माध्यम से मयाली, देशदेखा सहित जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और जशपुर को देश के पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला प्रशासन का उद्देश्य जम्बूरी के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण करना तथा पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों को नई गति देना है। जशपुर जम्बूरी 2026 प्रकृति, रोमांच, खेल और जनजातीय संस्कृति के संगम के रूप में जिले की पर्यटन पहचान को नई उड़ान देने वाला आयोजन बनने की उम्मीद है।

Exclusive Jashpur