मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पमशाला के राधा-कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन में हुए शामिल
62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, ड्रेस एवं अन्य आवश्यक सामग्री के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा
मुख्यमंत्री धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ मंजीरा बजाकर राधा-कृष्ण की भक्ति में हुए भावविभोर
मानव जीवन को परोपकार, सेवा और जरूरतमंदों की सहायता में लगाना ही सबसे बड़ा धर्म : मुख्यमंत्री श्री साय
जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज कार्तिक मास के पावन अवसर पर विकासखंड फरसाबहार के ग्राम पमशाला स्थित ईब नदी तट के श्री राधा-कृष्ण मंदिर (कंवर धाम) में आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने अपनी धर्मपत्नी एवं कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कौशल्या साय के साथ भगवान श्री राधा-कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री और श्रीमती कौशल्या साय कीर्तन मंडलियों के साथ मंजीरा बजाते हुए भक्ति में लीन नजर आए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ भजन-कीर्तन में सहभागिता निभाई और पूरे मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय हो उठा। 27 अक्टूबर से कार्तिक मास के प्रारंभ के साथ ही श्री राधा-कृष्ण मंदिर में प्रतिदिन सुबह और शाम भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र की 62 कीर्तन मंडलियां पूरे महीने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभा रही हैं। प्रतिदिन सुबह 8 बजे और शाम 5 बजे से होने वाले भजन-कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान राधा-कृष्ण की आराधना कर रहे हैं। कार्यक्रम का समापन 24 नवंबर को होगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर कहा कि मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ है। इसे व्यर्थ गंवाने के बजाय परोपकार, सेवा और जरूरतमंदों की सहायता में लगाना चाहिए। दूसरे के दुख-दर्द को समझना और उसकी जरूरत पूरी करना ही सबसे बड़ा धर्म है। हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं समाज को एकजुट और मजबूत बनाती हैं। नई पीढ़ी को आधुनिक शिक्षा और प्रगति के साथ अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से भी जुड़े रहना चाहिए।
62 कीर्तन मंडलियों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा
मुख्यमंत्री श्री साय ने पूरे कार्तिक महीने धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाने वाली सभी कीर्तन मंडलियों के अध्यक्षों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 27 अक्टूबर से शुरू हुए इस आयोजन में पूरे महीने हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान राधा-कृष्ण के सान्निध्य में भजन-कीर्तन कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने सभी 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, ड्रेस एवं अन्य आवश्यक सामग्री क्रय करने के लिए शासन की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भजन-कीर्तन की परंपरा को जीवंत बनाए रखना आवश्यक है। छत्तीसगढ़ की कर्मा, दमकच, झूमर और महादेव नाचा जैसी लोक सांस्कृतिक विधाएं हमारी पहचान और गौरव हैं। आने वाली पीढ़ी को इन समृद्ध परंपराओं से जोड़कर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना ऐतिहासिक उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने जिले में विकास और शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत से जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी और आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाएं भी और मजबूत होंगी।
कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास और संत गहिरा गुरु महाराज के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री श्री साय ने कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने महान संत गहिरा गुरु महाराज के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन तपस्या, समाज सुधार और जनजातीय समाज को सही दिशा देने में समर्पित किया। गहिरा गुरु महाराज ने रामायण की शिक्षा के माध्यम से जनजातीय समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत की तथा लोगों को नशे और मांसाहार से दूर रहकर सदाचार का जीवन जीने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने कंवर धाम के केंद्रीय कार्यालय और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में योगदान देने वाले दिवंगत समाजजनों को नमन करते हुए कहा कि उनके परिश्रम और योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।
मोदी की गारंटी के सभी वादों को पूरा कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप किए गए सभी वादों को पूरा कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त आवास प्लस 2024 के तहत 3 लाख 65 हजार मकान भी मिले हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब किसान अपने खेत में जितना धान उत्पादित करेंगे, उतना धान बेच सकेंगे। निर्धारित 21 क्विंटल की सीमा और वास्तविक उत्पादन के बीच की अंतर राशि भी किसानों को प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की लगभग 68 लाख माताओं-बहनों को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। रामलला दर्शन योजना के माध्यम से 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। वहीं भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि तेंदूपत्ता संग्रहण का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है और चरण पादुका योजना भी पुनः शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से घर बैठे होगा समस्याओं का समाधान
मुख्यमंत्री ने सुशासन की दिशा में शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए कहा कि आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से यह सुविधा शुरू की गई है। बिजली ट्रांसफार्मर बदलने, फौती नामांतरण, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र और थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने जैसी समस्याओं के लिए नागरिक 24 घंटे सातों दिन हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी देते हुए कहा कि नागरिक मोबाइल के माध्यम से आवेदन कर घर बैठे प्रमाण पत्र एवं अन्य शासकीय सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि फरसाबहार क्षेत्र के पंडरपानी और बंदरचुआ में की सुविधा शुरू होने से क्षेत्र में बैंकिंग सेवाओं का भी विस्तार हुआ है। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद श्री रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, भूतपूर्व विधायक श्री भरत साय, नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत सदस्य श्री वेद प्रकाश भगत, कंवर समाज के पूर्व अध्यक्ष श्री आर. एन. साय, कंवर समाज के महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्षा श्रीमती स्वधा साय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीणजन उपस्थित थे।


