बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा को लेकर नॉर्थ जोन पुलिस का विशेष अभियान, पांचों थाना क्षेत्रों में विशेष टीम गठित कर की गई बैंक बाइक पेट्रोलिंग
नॉर्थ जोन के पांचों थाना क्षेत्रों में विशेष बैंक सुरक्षा अभियान चलाया गया।
प्रत्येक थाना क्षेत्र में अलग-अलग विशेष टीमों का गठन कर बैंकों, एटीएम एवं आसपास के क्षेत्रों में की गई सघन बाइक पेट्रोलिंग।
बैंक परिसरों एवं आसपास संदिग्ध व्यक्तियों तथा गतिविधियों पर रखी गई विशेष निगरानी।
बैंक प्रबंधन एवं सुरक्षा कर्मियों से चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैंक ग्राहकों को नगदी लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने, अनजान व्यक्तियों पर विश्वास नहीं करने तथा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में किया गया जागरूक।
बैंक आने-जाने वाले वरिष्ठ नागरिकों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की गई।
रायपुर : बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों में आने-जाने वाले नागरिकों की सुरक्षा तथा बैंक परिसरों के आसपास होने वाली आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्रीमती दीपमाला कश्यप द्वारा नॉर्थ जोन के समस्त थाना प्रभारियों को विशेष बैंक सुरक्षा अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया गया। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पाण्डेय के पर्यवेक्षण में नॉर्थ जोन के पांचों थाना क्षेत्रों में अलग-अलग विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित विभिन्न बैंकों, एटीएम एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष बैंक बाइक पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान बैंक परिसरों एवं आसपास आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों तथा उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। साथ ही बैंक प्रबंधन एवं वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों से चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा बैंक में नगदी जमा एवं आहरण करने आने वाले नागरिकों को विशेष रूप से सतर्क रहने की समझाइश दी गई। नागरिकों को बताया गया कि बैंक से बड़ी रकम निकालने के दौरान अनजान व्यक्तियों पर विश्वास न करें, किसी के बहकावे में न आएं तथा नगदी लेकर जाते समय विशेष सावधानी बरतें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
इसके अतिरिक्त नागरिकों को ऑनलाइन बैंकिंग, एटीएम एवं डिजिटल लेन-देन के दौरान होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, CVV एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने तथा किसी के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड करने से बचें।


