भाजपा महिला मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक संपन्न
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का सर्वांगीण विकास हो रहा : मुख्यमंत्री साय
रायपुर : भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश का सर्वांगीण विकास हो रहा है और श्री मोदी के संकल्प 2047 तक विकसित भारत, समृद्ध भारत के लक्ष्य को निश्चित रूप से ही हम प्राप्त करेंगे। श्री साय ने कहा कि विकसित भारत में महिलाओं का योगदान बहुत महत्वपूर्ण होगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार बनने के पीछे हमारी माताओं-बहनों का आशीर्वाद है। भाजपा ने महतारी वन्दन योजना लाने की घोषणा की और प्रदेश की महिलाओं ने घोषणा पर विश्वास किया और महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर महतारी वन्दन का फॉर्म भरवाया और उसके परिणामस्वरूप हमें प्रदेश में पुनः सरकार बनाने में कामयाबी मिली, पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। श्री साय ने कहा कि देश और प्रदेश में महिलाओं को ध्यान में रखकर कई महती योजनाएँ बनाई गईं और उसे धरातल पर क्रियान्वित किया गया, जिसके सबसे बड़े उदाहरण में एक छोटी सी पहल है स्वच्छ भारत एवं खुले में शौच मुक्त भारत। आज कई प्रदेशों में शौचालयों का नाम इज्जत घर है, जो यह समझने के लिए पर्याप्त है कि उस साधारण-सी योजना का क्या प्रभाव है!
मुख्यमंत्री श्री साय ने केन्द्र एवं राज्य सरकारों द्वारा महिलाओं से सम्बन्धित योजनाएँ जो भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही हैं, उन्हें विस्तार से महिला नेत्रियों के बीच रखा। साथ ही अपनी योजनाओं को विस्तार से समझाया और उपस्थित महिला नेत्रियों से आग्रह किया कि आप सभी भाजपा का चेहरा हैं। सभी योजनाओं को लेकर आम लोगों, खास करके महिलाओं के बीच जाएंगीं और उन्हें सभी योजनाओं से अवगत करवाएंगीं तो निश्चित ही वे भाजपा के पक्ष में ही अपना मत बनाए रखेंगी। श्री साय ने कहा कि हम सभी को विश्वास है कि हमारी सभी बहनें उत्तरप्रदेश जाने वाली हैं चुनाव में, तो निश्चित ही अपनी कार्यशैली के बल पर वहाँ भी एक बार फिर भाजपा का परचम फहराकर आएंगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि नक्सल क्षेत्रों के प्रभावितों के लिए 15 हजार आवास की विशेष अनुमति केंद्र सरकार से प्राप्त की गई है, ताकि प्रभावितों के जन जीवन में विशेष सुधार आए।
अपनी योग्यता का विकास आपको सफलता के शिखर पर पहुँचने का माध्यम बनेगा : सुश्री सरोज पाण्डेय
भाजपा की वरिष्ठ नेत्री डॉ. (सुश्री) सरोज पाण्डेय ने कहा कि महिला सशक्तीकरण और चुनौतियाँ, दोनों एक साथ चलती हैं। चुनौतियाँ भाँति-भाँति प्रकार की होती हैं, जिसके लिए हमें मजबूत और तैयार होना आवश्यक है। डॉ. पाण्डेय ने कहा कि सादगी भी हमारा बड़ा सौंदर्य है। राजनीति में विशेष रूप से आपका व्यवहार और सादगी महत्वपूर्ण है। राजनीति सरल नहीं, कठोर है। इसलिए मजबूत बनना आवश्यक है। नीति बनाकर कार्य करना आवश्यक है। डॉ. पाण्डेय ने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में आपके किए गए कार्य और आपका भाग्य आपको निश्चित ही उचित स्थान दिलाकर रहेगा। अपनी योग्यता का विकास आपको सफलता के शिखर पर पहुँचने का माध्यम बनेगा। सुश्री पाण्डेय ने कहा कि आज तक महिला आरक्षण पर सभी दलों ने केवल राजनीति की, परन्तु हमारे प्रधानमंत्री ने आधी आबादी को उनका अधिकार देने का प्रण लिया , और उसी के परिणामस्वरूप सदन में महिला आरक्षण बिल लाया गया। श्री मोदी ने निश्चय किया है कि वे आगामी दिनों में महिला आरक्षण बिल को लागू करवाकर आधी आबादी को उनका अधिकार देने का कार्य अवश्य करेंगे।
महिला मोर्चा की हर कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच की सबसे मजबूत कड़ी है : लक्ष्मी रजवाड़े
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि हम धरातल तक पहुंचकर अपनी मजबूत टीम का निर्माण करें, हमारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाएँ और उन्हें बताएं कि यह लाभ भाजपा सरकार की ट्रिपल इंजन सरकार के महिला सशक्तीकरण की नीति का सफल उदाहरण है। श्रीमती राजवाड़े ने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की महिला हितैषी योजनाओं – महतारी वंदन योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना, महतारी शक्ति ऋण योजना, रानी दुर्गावती योजना सहित सभी योजनाओं की पूरी जानकारी लेकर हर बहन तक पहुँचें, ताकि कोई भी पात्र बहन योजना के लाभ से वंचित न रहे। श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि महिला मोर्चा की हर कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच की सबसे मजबूत कड़ी है। उनकी सक्रियता ही योजनाओं को सफल बनाती है।
चुनौतियों से घबराएँ नहीं, बल्कि सादगी, निष्ठा और योग्यता के बल पर संगठन को मजबूत करें और महिला सशक्तीकरण के संकल्प को आगे बढ़ाएँ : लता उसेण्डी
विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता घर के अंदर तक पहुँचकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दे सकती हैं, जो किसी अन्य माध्यम से संभव नहीं है। यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। सुश्री उसेण्डी ने कहा कि भाजपा का विकास संघर्ष से आया है। हमारे पूर्व हजारों-लाखों कार्यकर्ताओं ने भाजपा को इस स्तर तक पहुँचाने के लिए मेहनत की। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि वे चुनौतियों से घबराएं नहीं, बल्कि सादगी, निष्ठा और योग्यता के बल पर संगठन को मजबूत करें और महिला सशक्तीकरण के संकल्प को आगे बढ़ाएं।
इस दौरान कार्यसमिति बैठक को महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी सुभाष तिवारी, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने भी संबोधित किया। कार्यसमिति बैठक में महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती संगीता शर्मा ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया जिसका समर्थन महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती कमलेश शाश्वत ने किया। दो दिवसीय कार्यसमिति मे विशेष रूप से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू , प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडे, बिलासपुर महापौर पूजा विभानी, अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, शालिनी राजपूत, वर्णिका शर्मा, महामंत्री शीतल नायक फुलेश्वरी पैकरा मिली बनर्जी वंदना राठौड़, किरण सिंह सहित अन्य भाजपा नेत्रियाँ मौजूद रही ।


