रेल संरक्षा आयुक्त, द्वारा जांजगीर नैला-लटीया केबिन के मध्य नई विद्युतीकृत चौथी रेल लाइन का निरीक्षण |
बिलासपुर : रेल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारु परिचालन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में नई रेल लाइनों के निर्माण, दोहरीकरण तथा तृतीय एवं चतुर्थ रेल लाइन परियोजनाओं पर तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में बिलासपुर–झारसुगुड़ा रेल खंड के मध्य लगभग 206 किलोमीटर लंबी विद्युतीकृत चौथी रेल लाइन का निर्माण चरणबद्ध रूप से पूर्ण किया जा रहा है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत जांजगीर नैला – लटीया केबिन स्टेशनों के मध्य 16.82 किमी विद्युतीकृत नई चौथी लाइन के निर्माण उपरांत इंटरलाकिंग सहित सम्पूर्ण कार्य पूरा होने के पश्चात् एसई सर्कल के रेल संरक्षा आयुक्त सुमित सिंघल द्वारा आज इस नई चौथी लाइन का निरीक्षण किया गया |
निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा जांजगीर नैला-लटीया रेलखंड की संरक्षा, तकनीकी गुणवत्ता तथा यात्री एवं मालगाड़ी संचालन के लिए उसकी उपयुक्तता सुनिश्चित की गई। साथ ही मोटर ट्राली द्वारा संरक्षा एवं तकनीकी मानकों का गहन परीक्षण किया गया। इस दौरान ट्रैक, इंटरलॉकिंग प्रणाली, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, ओएचई व्यवस्था, पुलों, समपार फाटकों, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली सहित अन्य रेलवे अवसंरचनाओं का भी निरीक्षण किया गया ।
रेल संरक्षा आयुक्त ने इस नवनिर्मित रेललाइन पर ट्रायल से पूर्व जांजगीर-नैला स्टेशन एवं लटीया केबिन यार्ड का विधिवत परीक्षण किया। इसके बाद, उनके द्वारा जांजगीर नैला-लटीया सेक्शन में ओएमएस कोच के साथ स्पीड ट्रायल किया गया।
रेल संरक्षा आयुक्त से अंतिम स्वीकृति प्राप्त होने के पश्चात इस नई चौथी रेल लाइन पर सवारी एवं मालगाड़ियों का निर्बाध परिचालन प्रारंभ किया जाएगा, जिससे रेल परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और यातायात अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनेगा।
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) मुदित भटनागर, मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर राकेश रंजन सहित निर्माण विभाग, मंडल तथा मुख्यालय के संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।


