ट्रांसपोर्ट यूनियन और छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के पदाधिकारियों की हुई महत्वपूर्ण बैठक
‘स्टेयरिंग छोड़ो अभियान’ को लेकर हुई चर्चा; स्वेच्छा से शामिल होने और किसी भी प्रकार के जबरन वाहन न रोकने पर बनी सहमति
ड्राइवर महासंगठन के पदाधिकारियों ने शासन-प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने तथा शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन करने की जताई सहमति
बलौदाबाजार-भाटापारा : छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन द्वारा आहूत ‘स्टेरिंग छोड़ो अभियान’ के संबंध में आज दिनांक 16.11.2026 को दोपहर 12:30 बजे पुलिस कार्यालय सभा कक्ष, बलौदाबाजार में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शांतिपूर्ण प्रदर्शन और आम नागरिकों एवं यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इस पर विस्तार से चर्चा-परिचर्चा की गई।
बैठक के प्रमुख बिंदु एवं निर्देश:-
1. स्वेच्छा और सुरक्षा:- बैठक में स्पष्ट रूप से चर्चा की गई कि आंदोलन में जो वाहन चालक स्वेच्छा से शामिल होना चाहते हैं, वे शामिल हो सकते हैं; परंतु जो चालक इस आंदोलन में शामिल नहीं होना चाहते, उनके साथ किसी भी प्रकार की जबरदस्ती न की जाए और न ही उनके वाहनों को जबरन रोका जाए।
2. शांतिपूर्ण आंदोलन:- ड्राइवर महासंगठन के पदाधिकारियों ने बैठक में लिए गए निर्णय के अनुरूप शासन एवं पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग प्रदान करने तथा पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके से अपना आंदोलन संचालित करने पर अपनी पूर्ण सहमति जताई।
इस समन्वय बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार, अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) बलौदाबाजार, नगर पालिका अध्यक्ष बलौदाबाजार, बलौदाबाजार ट्रांसपोर्ट यूनियन के जिला अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के विभिन्न पदाधिकारी, विभिन्न भारी एवं मालवाहक चालकों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में वाहन चालक उपस्थित रहे।


