बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की सनसनीखेज अंधे कत्ल की वारदात पर त्वरित कार्रवाई
घटमड़वा नाला बांधा में मिले युवक के शव के अंधे कत्ल की गुत्थी महज कुछ घंटों में सुलझी
थाना गिधौरी, एफएसएल एवं साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मामले का पर्दाफाश कर आरोपी को किया गया गिरफ्तार
लोहे के फावड़े से सिर-माथे पर वार कर निर्मम हत्या करने वाला आरोपी किशन साहू गिरफ्तार
विस्तृत पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी को पकड़ने में मिली सफलता
अपमान और बहन पर बुरी नीयत के शक से उपजे तीव्र मानसिक तनाव व आवेश (उत्तेजना) में आकर आरोपी ने हत्या की घटना को दिया अंजाम
आरोपी से घटना में प्रयुक्त लोहे का फावड़ा एवं मृतक का मोबाईल किया गया जब्त
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा जिले में गंभीर अपराधों और हत्या जैसी वारदातों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना गिधौरी क्षेत्र अंतर्गत घटमड़वा नाला बांधा में मिले युवक के सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को थाना गिधौरी एवं सायबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, विस्तृत पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सफलतापूर्वक सुलझाते हुए हत्यारे को धर दबोचा है।
घटना का संक्षिप्त विवरण:- दिनांक 14.11.2026 को प्रातः 10:45 बजे सूचना मिली थी कि थाना गिधौरी क्षेत्र अंतर्गत गिधौरी और घटमड़वा के बीच बहने वाले घटमड़वा नाला बांधा में ग्राम गिधौरी निवासी आदित्य टंडन (पिता संतोष टंडन, उम्र 19 वर्ष) का शव पानी में डूबा हुआ है। सूचना पर तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को पानी से बाहर निकाला। शव के सिर-माथे पर गंभीर चोट के निशान मिले थे, जिससे प्रथम दृष्टया किसी धारदार/घातक वस्तु से वार कर हत्या किया जाना प्रतीत हुआ। मामले में थाना गिधौरी में मर्ग क्र. 60/26, धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की गई तथा एफएसएल एवं पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।
पुलिस विवेचना एवं अंधे कत्ल का पर्दाफाश:- विवेचना के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से निरीक्षण किया तथा घटनास्थल एवं गिधौरी घटमडवा के आसपास रहने वाले कई लोगों से भी विस्तृत पूछताछ की। इस दौरान यह जानकारी सामने आई कि घटना दिनांक 13/11/2026 के दोपहर को मृतक आदित्य टंडन को आरोपी किशन साहू के साथ बांधा तालाब घटमड़वा एनीकट की तरफ जाते हुए देखा गया था, और किशन साहू के हाथ में फावड़े जैसा औजार था। शक के आधार पर पुलिस ने आरोपी किशन साहू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने लोहे के फावड़े से सिर, माथा और आंख के पास वार कर आदित्य टंडन की हत्या की थी तथा शव को पानी में फेंक दिया था। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे का फावड़ा एवं आरोपी से मृतक का मोबाईल विधिवत जब्त किया गया है।
घटना का कारण एवं पुलिस कार्यवाही- मृतक आदित्य टंडन द्वारा आरोपी की बहन पर गलत नीयत रखने के संदेह और आरोपी को उसकी शारीरिक बनावट को लेकर ‘काला व कुरूप’ कहकर अपमानित किए जाने के कारण उपजे तीव्र आवेश (उत्तेजना) में आकर, आरोपी ने आवेश में आकर इस घटना को अंजाम दिया और आदित्य टंडन की हत्या कर दी।” प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी किशन साहू के विरुद्ध थाना गिधौरी टुण्ड्रा में अपराध क्र. 239/2026, धारा 103(1) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर दिनांक 15.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
आरोपी- किशन साहू पिता ईतवारी साहू उम्र: 19 वर्ष निवासी: ग्राम गिधौरी थाना गिधौरी


