जशपुर की बेटियों के लिए खुला रोजगार और आत्मनिर्भरता का नया रास्ता! मुख्यमंत्री साय ने किया छत्तीसगढ़ के पहले नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ, 120 छात्राओं को मिलेगा प्रशिक्षण, चौंकाने वाली बात—90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय और पिछड़े वर्गों से!

जशपुर की बेटियों के लिए खुला रोजगार और आत्मनिर्भरता का नया रास्ता! मुख्यमंत्री साय ने किया छत्तीसगढ़ के पहले नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ, 120 छात्राओं को मिलेगा प्रशिक्षण, चौंकाने वाली बात—90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय और पिछड़े वर्गों से!

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का किया शुभारंभ

नर्सिंग सेवा केवल रोजगार नहीं, बल्कि मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य: मुख्यमंत्री

120 छात्राओं को मिलेगा दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग का प्रशिक्षण

 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से

प्रशिक्षण के बाद अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर होंगे उपलब्ध

 जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज ग्राम पंचायत आरा में छत्तीसगढ़ के पहले नर्सिंग कौशल कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया। प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित इस संस्थान में दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। कॉलेज की सभी 120 सीटों पर छात्राओं का प्रवेश पूरा हो चुका है। यहां अध्ययनरत लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं। आधुनिक लैब, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित इस संस्थान में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज का दिन दो महत्वपूर्ण पर्वों के कारण अत्यंत पावन और विशेष है। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया है। आज पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी प्रदेश स्तरीय समारोह रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित किया गया, जिसमें लाखों की संख्या में लोग शामिल हुए। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विदेश से वर्चुअली देशवासियों, विशेषकर जनजातीय समाज के लोगों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई देते हुए छठ महापर्व की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा सूर्य भगवान और छठी मैया की उपासना का महान पर्व है, जो आस्था, श्रद्धा और कठिन तपस्या का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व के इस पावन अवसर पर नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने इस संस्थान के संचालन की जिम्मेदारी उठाने वाले पैन आईआईटी एलुमनी के चेयरमैन एवं सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही नर्सिंग प्रशिक्षण प्राप्त कर रही प्रथम बैच की सभी 120 बेटियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में नर्सों की भूमिका महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है। छत्तीसगढ़ को स्वस्थ और समृद्ध बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, लेकिन पिछले 25 वर्षों में स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 15 से अधिक हो गई है। इस वर्ष एक साथ पांच नए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि जशपुर जिले के कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज का स्थायी भवन चरईडांड में बनाया जाएगा। फिलहाल मेडिकल कॉलेज का संचालन झरगांव स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मरीजों की सेवा और उनका जीवन बचाने में डॉक्टरों के साथ नर्सों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण होती है। नर्सिंग सेवा केवल नौकरी अथवा रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य है। उन्होंने छात्राओं से पूरी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा भविष्य में सेवाभाव के साथ मरीजों की देखभाल करने का आह्वान किया।

विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ मिशन मोड में हो रहा कार्य

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ लंबे समय तक नक्सलवाद की चुनौती से प्रभावित रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ी गई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार ने विजन डॉक्यूमेंट तैयार कर मिशन मोड में काम प्रारंभ किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की खनिज संपदा, विशाल वन क्षेत्र, समृद्ध वनोपज, उपजाऊ भूमि और मेहनतकश जनता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेशवासियों के सहयोग और आशीर्वाद से विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प निश्चित रूप से पूरा होगा और विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण योगदान देगा।

मोदी की गारंटी के वादों को पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार मोदी की गारंटी के सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण किया जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। अब प्रदेश में कुल 3100 धान खरीदी केंद्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की पात्रता के अनुरूप किसानों को पूरा लाभ मिलेगा। जिन किसानों की उपज एक एकड़ में 12 या 15 क्विंटल होती है, उन्हें उतना ही धान बेचना होगा। शेष मात्रा की अंतर राशि भी सरकार द्वारा उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी बेटियां पूरी लगन और मेहनत के साथ नर्सिंग का प्रशिक्षण प्राप्त करें। वे अपने कौशल और ज्ञान से स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बेहतर योगदान देंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में स्वास्थ्य क्षेत्र की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं के लिए प्रतिष्ठित संस्थानों में रोजगार की व्यवस्था होगी : कलेक्टर

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी फाउंडेशन के संयुक्त उद्यम प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से इस महत्वपूर्ण परियोजना को अल्प समय में प्रारंभ करना संभव हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री का जशपुर आगमन कर संस्थान का शुभारंभ करने और छात्राओं का उत्साहवर्धन करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि आरा में स्थापित यह छत्तीसगढ़ का पहला नर्सिंग कौशल कॉलेज है, जहां प्रतिवर्ष 120 छात्राओं को नर्सिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली छात्राओं के लिए प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में नियोजन की व्यवस्था की जाएगी। इससे जशपुर और आसपास के क्षेत्रों की बेटियों को अपने ही क्षेत्र में व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपना भविष्य संवारने का अवसर मिलेगा।

 पैन आईआईटी एलुमनी के चेयरमैन श्री प्रभात कुमार ने कहा कि आईआईटी की स्थापना राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से की गई थी। पैन आईआईटी देश के 23 आईआईटी के लगभग पांच लाख पूर्व विद्यार्थियों का प्रतिनिधित्व करता है। संस्था का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण की दिशा में लोगों को प्रेरित करना और युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से बेटियां अपने माता-पिता, समाज और देश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी। उल्लेखनीय है कि प्रचेत फाउंडेशन का गठन छत्तीसगढ़ शासन एवं पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के बीच गैर-लाभकारी संयुक्त उद्यम कंपनी के रूप में किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश के जनजातीय समूहों सहित अन्य वंचित वर्गों के गरीब युवाओं, महिलाओं एवं तृतीय लिंग समुदाय के लोगों का कौशल विकास और संस्थागत सशक्तीकरण करना है। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष जशपुर श्री गंगाराम भगत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्था के पदाधिकारी, छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Jashpur