नवविवाहिता को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार
शादी के महज कुछ महीनों बाद ही मृतिका ने मकान में फांसी लगाकर की थी आत्महत्या; मौके से सुसाइड नोट बरामद
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा महिलाओं के विरुद्ध होने वाले घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और इस कारण से होने वाली गंभीर घटनाओं पर बेहद संवेदनशीलता और कड़ाई से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिमगा क्षेत्र अंतर्गत दहेज प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने मृतिका के पति को गिरफ्तार किया गया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण:- दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 08:30 बजे थाना सिमगा अंतर्गत कर्मचारी कॉलोनी स्थित किराए के मकान में नवविवाहिता सतरूपा देवांगन (उम्र 24 वर्ष) ने छत के पंखे पर दुपट्टे से फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी। चूंकि मृतिका एक नवविवाहिता थी, अतः नियमानुसार कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव पंचनामा कार्रवाई व पोस्टमार्टम कराया गया। प्रकरण जांच के दौरान मृतिका के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, तथा मृतिका के पिता और भाई के विस्तृत कथन दर्ज किए गए। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मृतिका सतरूपा देवांगन की शादी दिनांक 25.04.2026 को पवन कुमार देवांगन के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद से पति पवन कुमार देवांगन द्वारा उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी लगातार शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर तथा आहत होकर मृतिका ने यह अत्यंत कदम उठाया।
पुलिस कार्रवाई एवं गिरफ्तारी:- मर्ग जांच, पीएम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और परिजनों के कथनों के आधार पर प्रथम दृष्टया आरोपी पति द्वारा दहेज प्रताड़ना दिए जाने का अपराध प्रमाणित पाए जाने पर थाना सिमगा में अपराध क्र. 503/2026, धारा 80(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। थाना सिमगा पुलिस द्वारा त्वरित सुरागकशी करते हुए आरोपी पति पवन कुमार देवांगन को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके पश्चात उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर शादी का कार्ड एवं मोबाइल फोन आदि विधिवत जप्त किया गया। आरोपी को आज दिनांक 14.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
आरोपी:- पवन कुमार देवांगन पिता रामदेव देवांगन उम्र: 28 वर्ष निवासी: ग्राम मोहड़, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव, हाल निवासी- कर्मचारी कॉलोनी, सिमगा, थाना सिमगा


