पंचायत में विकास के नाम पर आखिर किसने डाला सरकारी धन पर डाका? सरपंच पुत्र और सचिव की कथित सांठगांठ का 10 पंचों ने किया पर्दाफाश, बिना ग्रामसभा और प्रस्ताव के लाखों की निकासी का आरोप; अब FIR और निलंबन की मांग से गरमाया मामला!

पंचायत में विकास के नाम पर आखिर किसने डाला सरकारी धन पर डाका? सरपंच पुत्र और सचिव की कथित सांठगांठ का 10 पंचों ने किया पर्दाफाश, बिना ग्रामसभा और प्रस्ताव के लाखों की निकासी का आरोप; अब FIR और निलंबन की मांग से गरमाया मामला!

पंचायत में ‘बेटा राज‘ और भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा: रायकेरा में उपसरपंच समेत 10 पंचों ने खोला मोर्चा, कलेक्टर जनदर्शन से लेकर जिला पंचायत व कुनकुरी एसडीएम तक पहुंची शिकायत

कुनकुरी : जनपद पंचायत कुनकुरी अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत रायकेरा में भ्रष्टाचार, मनमानी और अवैध हस्तक्षेप का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पंचायत की निर्वाचित वृद्ध महिला सरपंच की आड़ में उनके पुत्र और पंचायत सचिव द्वारा मिलकर सरकारी खजाने में कथित तौर पर सेंधमारी करने का गंभीर आरोप लगा है। इस कथित ‘बेटा राज’ और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ अब पंचायत के चुने हुए जनप्रतिनिधियों ने ही बगावत का बिगुल फूंक दिया है।

ग्राम पंचायत रायकेरा के उपसरपंच और कुल 12 में से 10 वार्ड पंचों ने एकजुट होकर इस भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर जनदर्शन (टोकन नंबर: TL2026110313375901) में इस पूरे घोटाले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी प्रतियां मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) जिला पंचायत जशपुर और अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कुनकुरी को भी सौंपी गई हैं, ताकि दोषियों पर चौतरफा कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

वृद्ध सरपंच की आड़ में ‘अवैध सत्ता‘, सचिव से सांठगांठ कर निकाली मोटी रकम

शिकायत पत्र में पंचों ने बेहद सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। जनप्रतिनिधियों के अनुसार, ग्राम पंचायत रायकेरा की निर्वाचित सरपंच श्रीमती फुल्केरिया टोप्पो एक वृद्ध महिला हैं। आरोप है कि उनकी उम्र और शासकीय कार्यों की अज्ञानता का अनुचित लाभ उठाते हुए उनका पुत्र अयाज विनोद टोप्पो गैर-कानूनी तरीके से पंचायत के सभी प्रशासनिक और वित्तीय कामकाज खुद संचालित कर रहा है।

पंचों का आरोप है कि सरपंच पुत्र अयाज विनोद टोप्पो और पंचायत सचिव जगदीश यादव ने आपस में गहरी सांठगांठ कर ली है। दोनों ने मिलकर न तो ग्राम सभा की बैठक बुलाई और न ही पंचों की सामान्य सभा में कोई प्रस्ताव (Resolution) पारित कराया। उपसरपंच और वार्ड पंचों को पूरी तरह अंधेरे में रखकर और फर्जी दस्तावेजों के सहारे 15वें वित्त आयोग, मूलभूत राशि और अन्य सरकारी योजनाओं के मद से मोटी रकम का अवैध आहरण (Withdrawal) कर लिया गया है।

हिसाब मांगने पर मिलती है धमकी, रिकॉर्ड देखने पर पाबंदी

भ्रष्टाचार के इस खेल में पारदर्शिता की पूरी तरह बलि चढ़ा दी गई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि निकाली गई सरकारी राशि किस विकास कार्य के लिए थी और उसे कहां खर्च किया गया, इसका कोई भी ब्योरा न तो पंचायत की पंजी में दर्ज है और न ही सूचना पटल पर चस्पा किया गया है। जब निर्वाचित उपसरपंच और वार्ड पंच इस राशि का हिसाब मांगते हैं या शासकीय रिकॉर्ड देखने की बात करते हैं, तो सचिव और सरपंच पुत्र द्वारा उन्हें डराया-धमकाया जाता है और रिकॉर्ड दिखाने से साफ इनकार कर दिया जाता है।

सचिव के निलंबन और FIR दर्ज करने की उठी मांग

जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से इस पूरे मामले में तत्काल सख्त कदम उठाने की गुहार लगाई है:

  • उच्च स्तरीय जांच: पूरे वित्तीय गबन की मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कराने के लिए एक उच्च स्तरीय जांच दल गठित किया जाए।
  • सचिव का निलंबन: पंचायत के बैंक खातों के स्टेटमेंट और कैश बुक की सघन जांच कर दोषी सचिव जगदीश यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए।
  • आपराधिक मामला (FIR): शासकीय कार्यों में अवैध हस्तक्षेप और धोखाधड़ी करने के आरोप में सरपंच पुत्र अयाज विनोद टोप्पो और सचिव के खिलाफ पुलिस थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज कराई जाए।
  • वैधानिक कार्रवाई: दोषियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 एवं 92 के तहत कठोर दंडात्मक और वसूली की कार्रवाई की जाए।

अब देखना यह होगा कि कलेक्टर जनदर्शन, जिला पंचायत सीईओ और कुनकुरी एसडीएम के पास पहुंची इस गंभीर शिकायत के बाद प्रशासन भ्रष्टाचार के इस गठजोड़ पर कब और क्या कार्रवाई करता है।

Breaking Jashpur