प्रतिबंधित मादक पदार्थ एमडीएमए पाउडर बिक्री हेतु ग्राहक तलाशते 01 आरोपी गिरफ्तार
आरोपी के कब्जे से 2.65 ग्राम नशीला पाउडर एमडीएमए, बिक्री की रकम एवं आईफोन मोबाइल सहित कुल 1,27,200/- का मशरूका जप्त
एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त कार्यवाही
नशीले पदार्थों की सप्लाई में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जांच जारी
रायपुर : पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट रायपुर के निर्देशन में शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा नशीले पदार्थों की बिक्री में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है।
दिनांक 13.11.2026 को एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स की टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना पुरानी बस्ती क्षेत्रांतर्गत कुशालपुर स्थित पहाड़ी तालाब के पास एक व्यक्ति अपने पास नशीला मादक पदार्थ रखकर बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश कर रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए रेड कार्यवाही की गई। मौके पर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक व्यक्ति मिला, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रितिक मोदी निवासी न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर बताया। पुलिस टीम द्वारा उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से सफेद नशीला पाउडर (एमडीएमए) बरामद किया गया।
आरोपी रितिक मोदी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.65 ग्राम सफेद नशीला पाउडर (एमडीएमए) कीमती लगभग 26,500 रूपये, बिक्री रकम 200 रूपये एवं एक आईफोन मोबाइल जुमला कीमती लगभग 1,27,200/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 590/26 धारा 22(ख), 29 नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया।
गिरफ्तार आरोपी से उक्त मादक पदार्थ की उपलब्धता एवं उसके स्रोत के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। साथ ही बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर मादक पदार्थ की सप्लाई एवं बिक्री नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:- रितिक मोदी पिता विशाल मोदी उम्र 26 वर्ष निवासी ए-1 मोदी विला, समृद्धि सागर के पीछे अमलीडीह थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर।


