त्यौहारों के मद्देनजर अपराधियों पर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस का बड़ा प्रहार, पश्चिम क्षेत्र में चला विशेष अभियान
91 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 52 वारंटों की तामिली, 135 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही
रायपुर : त्यौहारों के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम क्षेत्र में दिनांक 04.11.2026 से 10.11.2026 तक अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत अवैध नशे के कारोबार, अवैध हथियार रखने एवं शराब बिक्री करने वालों, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों, जुआ खेलने एवं खिलाने वालों के साथ ही फरार वारंटियों की धरपकड़ तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध व्यापक स्तर पर सख्त वैधानिक कार्यवाही की गई।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन एवं सतत मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) राहुल देव शर्मा की प्रभावी मॉनिटरिंग में पश्चिम क्षेत्र के थाना पुरानी बस्ती, डी डी नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, न्यू राजेन्द्र नगर, टिकरापारा एवं मुजगहन थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से विशेष अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न अधिनियमों के तहत कार्यवाही करते हुए कुल 91 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त 135 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही की गई तथा 52 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली की गई।
अभियान के दौरान की गई प्रमुख कार्यवाहियां निम्नानुसार हैं –
1. वारंटियों के विरुद्ध कार्यवाही:- फरार वारंटियों की धरपकड़ करते हुए 13 स्थायी वारंट एवं 39 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 52 वारंटों की तामिली की गई।
2. आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही:- अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध 09 प्रकरणों में 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 75.24 लीटर शराब जप्त की गई।
3. आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही:- अवैध रूप से हथियार रखने एवं लेकर घूमने वालों के विरुद्ध 08 प्रकरणों में 08 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 07 चाकू एवं 01 देशी कट्टा जप्त किया गया।
4. जुआ के विरुद्ध कार्यवाही:- जुआ खेलने एवं खिलाने वालों के विरुद्ध 22 प्रकरणों में 73 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 62,900 रुपये नगद एवं 52 पत्ती ताश जप्त की गई।
5. एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही:- मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध 01 प्रकरण में 01 आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.724 किलोग्राम गांजा जप्त किया गया।
6. प्रतिबंधात्मक कार्यवाही:- शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले 135 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई।
अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान रहेगा जारी:- रायपुर पुलिस कमिश्नरेट पश्चिम क्षेत्र द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। अपराधियों, अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी एवं सघन चेकिंग की जाएगी।


