जशपुर में युवाओं के लिए क्या है बड़ा संदेश? युवा उड़ान 2026 में खुलकर बोले युवा आयोग अध्यक्ष, रोजगार से लेकर स्वरोजगार तक बताई आगे बढ़ने की राह!

जशपुर में युवाओं के लिए क्या है बड़ा संदेश? युवा उड़ान 2026 में खुलकर बोले युवा आयोग अध्यक्ष, रोजगार से लेकर स्वरोजगार तक बताई आगे बढ़ने की राह!

युवा उड़ान 2026 : युवाओं को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर

छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने विद्यार्थियों से किया संवाद, कहा—सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, परिश्रम ही लक्ष्य प्राप्ति का एकमात्र रास्ता

जशपुर : शासकीय राम भजन राय एन.ई.एस. पीजी कॉलेज, जशपुर में युवा उड़ान 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर शामिल हुए। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्कूलों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान युवाओं के करियर मार्गदर्शन, शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, खेल एवं युवा कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के सचिव श्री ए.एक्का, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, कॉलेज के प्राचार्य एवं अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे |

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर ने विद्यार्थियों को राज्य सरकार की ओर से युवाओं के कल्याण, शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास एवं खेल के क्षेत्र में की जा रही प्रमुख पहलों, निर्णयों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवा उड़ान 2026 कार्यक्रम की शुरुआत बीजापुर से की गई है और इसी क्रम में आज जशपुर में इसका आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं से सीधे संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को समझना तथा उनके विचारों और सुझावों को शासन तक पहुंचाना है।

श्री तोमर ने विद्यार्थियों से कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से वे अपने सुझाव लिखित रूप में आयोग को दें। युवाओं से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से पढ़ा जाएगा और उन पर यथासंभव सकारात्मक कार्रवाई करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन धरा, संस्कृति और समृद्ध परंपराओं की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। युवा किसी भी राज्य की रीढ़ होते हैं। वे केवल प्रदेश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान भी हैं। युवाओं की सोच, ऊर्जा और नवाचार की क्षमता ही छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ऐसे सक्षम, आत्मविश्वासी और नवाचारी युवाओं का निर्माण करना है, जो विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभा सकें। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग का निरंतर प्रयास है कि प्रदेश का प्रत्येक युवा आत्मनिर्भर बने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो और अपनी प्रतिभा का पूर्ण प्रदर्शन कर सके।

परिश्रम, कौशल विकास और सकारात्मक सोच से मिलेगी सफलता

विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए श्री तोमर ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। केवल परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के माध्यम से ही अपने लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं गलत जानकारियों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल का उपयोग सकारात्मक और नकारात्मक, दोनों तरीकों से किया जा सकता है। युवाओं को अपने ज्ञान, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए मोबाइल के सकारात्मक पहलुओं का उपयोग करना चाहिए।

उन्होंने युवाओं से व्यसन एवं नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को खेल, कला, साहित्य, संस्कृति, समाज सेवा और स्वरोजगार जैसे रचनात्मक क्षेत्रों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में तकनीक, स्टार्टअप और नए विचारों के माध्यम से आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं। इसलिए युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल भी विकसित करना चाहिए, ताकि वे रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर भी तलाश सकें।

श्री तोमर ने कहा कि युवाओं को आधुनिकता के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना चाहिए, लेकिन अपनी मातृभूमि, भाषा और संस्कृति पर सदैव गर्व करना चाहिए। प्रत्येक युवा को एक सशक्त, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और नवाचार के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने बताया कि युवाओं से संबंधित योजनाओं, कार्यक्रमों, रोजगार की जानकारी एवं आयोग की विभिन्न गतिविधियों के बारे में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.yuvaayog.cg.gov.in पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

जनपद अध्यक्ष गंगा राम भगत ने युवाओं को शिक्षा और कौशल विकास के लिए किया प्रेरित

कार्यक्रम में जशपुर जनपद पंचायत के अध्यक्ष गंगा राम भगत ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम विशेष रूप से युवाओं के लिए आयोजित किया गया है, ताकि उन्हें अपने भविष्य, करियर और रोजगार के अवसरों के संबंध में मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने कौशल विकास एवं रोजगार के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को नशे एवं नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने की सलाह दी।

श्री भगत ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार क्षेत्र का चयन करना चाहिए तथा दृढ़ निश्चय के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना का उल्लेख करते हुए युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण के महत्व और रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और कौशल के माध्यम से युवा अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं तथा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य एवं उपस्थित अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों के समक्ष अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, करियर चयन, कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण के प्रति जागरूक करते हुए जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं निरंतर प्रयास के महत्व पर प्रकाश डाला। युवा उड़ान 2026 कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करने, उनकी जिज्ञासाओं एवं सुझावों को सामने लाने तथा उन्हें शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के विभिन्न अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया गया। अंत मे कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा मोमेंटो एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

Jashpur