ग्राम बंगलापाली में अश्लील गाली गलौज कर, गंभीर मारपीट करने वाले 04 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
जेसीबी समतलीकरण के बकाए पैसे मांगने पर आरोपियों द्वारा दिया गया जानलेवा हमला की घटना को अंजाम
धारदार हथियार और ईंट से हमला कर प्रार्थी व उसके मामा को गंभीर चोट पहुँचाने वाले आरोपियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा गौरव राय (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन में जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक व हिंसक प्रवृत्ति के तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस चौकी सोनाखान (थाना कसडोल) क्षेत्र अंतर्गत पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में धारदार हथियार व ईंट से हमला करने वाले 04 आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है।
घटना एवं रिपोर्ट का विवरण:- प्रार्थी ओमप्रकाश साहू (निवासी बंगलापाली) द्वारा दिनांक 21.10.2026 को पुलिस चौकी सोनाखान में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 21.10.2026 की रात्रि करीब 19:30 बजे वह और उसके मामा जागेश्वर साहू, गाँव के कमलेश मांझी के खेत को दो वर्ष पूर्व जेसीबी से समतलीकरण कराने के बकाए 40,000 रुपये मांगने गए थे। पैसे मांगने पर आरोपी कमलेश मांझी ने पैसे देने से इनकार करते हुए माँ-बहन की गंदी-गंदी गालियां दीं तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कमलेश मांझी के भांजे लकेशरू मांझी ने पीछे से आकर हाथ में पहने चूड़ा से प्रार्थी के सिर पर वार किया, जिससे खून निकलने लगा और गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने आए प्रार्थी के मामा जागेश्वर साहू के साथ भी आरोपी शम्भू मांझी द्वारा हाथ-मुक्के व ईंट से मारपीट की गई, जिससे उनके बाएं कान व गाल के पास चोटें आईं।
पुलिस कार्रवाई एवं जप्ती:- प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी सोनाखान (थाना कसडोल) में अपराध क्रमांक 399/2026, धारा 296,351(3),118(1), 3(5) BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी लकेशरू मांझी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चूड़ा तथा आरोपी शम्भू मांझी के कब्जे से ईंट का टुकड़ा जप्त किया गया। अपराध प्रमाणित पाए जाने पर चारों आरोपियों को दिनांक 22.10.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
घटना में प्रयुक्त हथियार (चूड़ा) एवं ईंट का टुकड़ा आदि जप्त
गिरफ्तार आरोपी:
1. लकेशरू मांझी पिता नाथूराम मांझी, उम्र 35 वर्ष, निवासी बंगलापाली, पुलिस चौकी सोनाखान, थाना कसडोल
2. लकेश मांझी पिता नाथूराम मांझी, उम्र 38 वर्ष, निवासी बंगलापाली, पुलिस चौकी सोनाखान, थाना कसडोल
3. कमलेश मांझी पिता चंदेल मांझी, उम्र 39 वर्ष, निवासी बंगलापाली, पुलिस चौकी सोनाखान, थाना कसडोल
4. शम्भू मांझी पिता दबेल मांझी, उम्र 26 वर्ष, निवासी बंगलापाली, पुलिस चौकी सोनाखान, थाना कसडोल

