कलेक्टर रोहित व्यास ने फसल विविधीकरण और उद्यानिकी फसलों के लाभों के प्रति किसानों को जागरूक करने दिए निर्देश
खरीफ फसल वर्ष 2026 की समीक्षा और रबी फसल 2026-27 की कार्ययोजना पर हुई चर्चा
जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने जिले में कृषि विकास, फसल विविधीकरण और उद्यानिकी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को शासन की योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया है। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को उद्यानिकी फसलों की खेती से होने वाले लाभों की जानकारी देने तथा धान के बदले अन्य लाभकारी फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री व्यास आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग सहित कृषि से संबंधित अन्य विभागों की समीक्षा बैठक ले रहे थे। बैठक में खरीफ फसल वर्ष 2026 के अंतर्गत प्राप्त क्षेत्राच्छादन, फसल विविधीकरण की स्थिति तथा रबी फसल वर्ष 2026-27 के कार्यक्रम निर्धारण के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान पुनर्गठित राष्ट्रीय बांस मिशन, एकीकृत बागवानी विकास मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल-ऑयल पाम और एग्रोफॉरेस्ट्री उपमिशन सहित केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने जिले में मसाला, आलू, फल, सब्जी एवं पुष्प उत्पादन के साथ मधुमक्खी पालन की संभावनाओं और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी फसलों और अन्य वैकल्पिक फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि उनकी आय में वृद्धि के अवसर बढ़ सकें।
रबी फसल के रकबे में वृद्धि और धान के बदले वैकल्पिक खेती को करें प्रोत्साहित
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खरीफ 2026 में प्राप्त क्षेत्राच्छादन, फसल विविधीकरण की स्थिति तथा इसके विस्तार में आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने उद्यानिकी फसलों और धान के बदले वैकल्पिक फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही जिले में रबी के पड़ती क्षेत्र को कम करने और अतिरिक्त क्षेत्र में खेती सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित कार्ययोजना से अवगत कराया। कलेक्टर ने इस दिशा में प्रभावी प्रयास करने और किसानों को रबी फसल लेने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि ऋण की पहुंच बढ़ाने पर जोर
कलेक्टर श्री व्यास ने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत किसान क्रेडिट कार्ड का विस्तार करने तथा किसानों तक कृषि ऋण की पहुंच बढ़ाने के लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने को कहा। उन्होंने इस योजना के अंतर्गत उद्यानिकी और कृषि विभाग द्वारा संचालित कार्यों की भी समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के अंतर्गत फसलवार पंजीयन, उपार्जन और जनजागरूकता के लिए तैयार कार्ययोजना की भी समीक्षा की। इसके साथ ही किसानों को हरी खाद के उपयोग से होने वाले लाभों की जानकारी देने और इसके प्रयोग को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। बैठक में उन्होंने कृषि एवं उद्यानिकी से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, कृषि उत्पादन बढ़ाने, वैकल्पिक फसलों को प्रोत्साहित करने तथा किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी पहल करने को कहा। बैठक में कृषि, उद्यानिकी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

