रास गरबा महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल
नारायणपुर पुलिस ने साइबर जागरूकता के लिए आयोजित की साइबर क्विज प्रतियोगिता
क्विज में सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक ने उपहार देकर किया प्रोत्साहित
नारायणपुर : कल दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को नारायणपुर में आयोजित सीजन-3 रास गरबा महोत्सव 2026 में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने गरबा महोत्सव में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से सहभागिता की तथा उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान नारायणपुर पुलिस द्वारा आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर जागरूकता क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से उपस्थित लोगों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में जागरूक किया गया।
क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभागियों से साइबर सुरक्षा से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल द्वारा उपहार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इस पहल का उद्देश्य मनोरंजक गतिविधि के माध्यम से आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करना था।
नारायणपुर पुलिस द्वारा लगातार विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपना ओटीपी, यूपीआई पिन एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
नारायणपुर पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सतर्क बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

