पत्नी की एक सूचना और पुलिस की चंद मिनटों की तत्परता बनी जीवनरक्षक! नारायणपुर में आत्महत्या की कोशिश कर रहे व्यक्ति को पुलिस ने बचाया, अब काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए अस्पताल भेजा।

पत्नी की एक सूचना और पुलिस की चंद मिनटों की तत्परता बनी जीवनरक्षक! नारायणपुर में आत्महत्या की कोशिश कर रहे व्यक्ति को पुलिस ने बचाया, अब काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए अस्पताल भेजा।

नारायणपुर पुलिस की तत्परता से बची एक व्यक्ति की जान, पारिवारिक विवाद में फांसी लगाने का कर रहा था प्रयास

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई।

सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग पार्टी ने मौके पर पहुंचकर बचाई व्यक्ति की जान।

संबंधित व्यक्ति को काउंसलिंग एवं मानसिक स्वास्थ्य सहायता हेतु जिला अस्पताल भेजा गया।

नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्या चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह एवं थाना प्रभारी नारायणपुर विनीत दुबे के नेतृत्व में थाना नारायणपुर पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशीलता से एक व्यक्ति की जान बचाई गई।

दिनांक 17.10.2026 को पीताम्बर सिंह, पिता मोहन सिंह, उम्र 40 वर्ष, निवासी सागर हार्डवेयर के पीछे, नारायणपुर द्वारा अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया जा रहा था। इस संबंध में उनकी पत्नी द्वारा थाना नारायणपुर को सूचना दी गई।

सूचना प्राप्त होते ही थाना नारायणपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक नंदलाल रात्रे द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए पेट्रोलिंग पार्टी को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग पार्टी बिना विलंब किए मौके पर पहुंची और सूझबूझ एवं तत्परता से कार्रवाई करते हुए उक्त व्यक्ति की जान बचाई।

इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई में सूचना प्राप्त कर पेट्रोलिंग पार्टी को सूचित करने वाले प्रधान आरक्षक नंदलाल रात्रे तथा मौके पर पहुंची पेट्रोलिंग पार्टी के आरक्षक सियाराम यादव, महिला आरक्षक शांति कुमेटी, चालक जस्टम टोप्पो एवं आरक्षक कमलेश नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने समय पर मौके पर पहुंचकर तत्परता, सूझबूझ एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया, जिससे एक अनमोल जीवन बचाने में सफलता मिली, घटना के बाद संबंधित व्यक्ति की स्थिति को ध्यान में रखते हुए उसे आवश्यक काउंसलिंग एवं मानसिक स्वास्थ्य सहायता प्रदान करने हेतु जिला अस्पताल, नारायणपुर भेजा गया, ताकि उसे आवश्यक परामर्श एवं सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

नारायणपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि पारिवारिक विवाद अथवा मानसिक तनाव की स्थिति में धैर्य बनाए रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर परिजनों, पुलिस एवं योग्य मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सहायता लें। यदि कोई व्यक्ति मानसिक तनाव के कारण स्वयं को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहा हो, तो उसे अकेला न छोड़ें तथा तत्काल पुलिस एवं आवश्यक चिकित्सा सहायता प्राप्त करें। समय पर दी गई सूचना किसी की अनमोल जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Crime