बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की बड़ी और एहतियाती कार्रवाई: नवरात्रि मेला परिसर से चेकिंग कर 2100 नग स्टील एवं रिंगदार कड़े-चूड़े जप्त
पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संपूर्ण मेला परिसर में पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
नवरात्र प्रारंभ से ही गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजी करने वाले पुराने आरोपियों पर कसा गया शिकंजा, जेल भेजे गए शातिर तत्व
पुलिस बल द्वारा सुहेला नगर एवं मेला प्रांगण में लगातार की जा रही सघन पैदल पेट्रोलिंग एवं चेकिंग
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा गौरव राय (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन, में जिलेभर में नवरात्रि पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में थाना सुहेला पुलिस टीम द्वारा प्रसिद्ध सुहेला दुर्गा मेला परिसर में विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है।
2100 नग स्टील एवं रिंगदार कड़े-चूड़े जप्त:- नवरात्र पर्व के दौरान दुर्गा मेला परिसर में उमड़ने वाली भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुहेला पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों व संभावित अप्रिय घटनाओं की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया।
अभियान के तहत मेला परिसर में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखी गई। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा हाथों में धारण किए गए भारी स्टील एवं रिंगदार कड़े-चूड़े (जिनका उपयोग आपसी विवाद या मारपीट के दौरान चोट पहुँचाने के लिए किए जाने की आशंका थी) के संबंध में एहतियाती कार्रवाई की गईँ थाना सुहेला पुलिस टीम द्वारा नवरात्रि पर्व के 06 दिनों में विशेष अभियान चलाकर लगभग 2,100 नग स्टील एवं रिंगदार कड़े-चूड़े जप्त किए गए हैं। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य मेले में आने वाली महिलाओं, बच्चों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को पूरी तरह सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल प्रदान करना है।
गुंडा-बदमाशों और पुराने आरोपियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई:- पर्व के दौरान किसी भी प्रकार के हुड़दंग या कानून व्यवस्था की समस्या को रोकने के लिए पुलिस ने नवरात्रि प्रारंभ होने के पूर्व ही कड़े कदम उठाए। पिछले वर्षों में नवरात्रि पर्व के दौरान चाकूबाजी या हुड़दंग करने वाले पुराने आरोपियों व असामाजिक तत्वों को धरदपकड़ कर जेल भेजा गया है। इसके साथ ही थाना सुहेला के पुलिस बल द्वारा संपूर्ण सुहेला नगर एवं मेला प्रांगण में लगातार सघन पैदल पेट्रोलिंग कर पुलिस की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस की इस मुस्तैदी से नगरवासियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की भूरी-भूरि प्रशंसा की जा रही है।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की अपील- धार्मिक आयोजनों और सार्वजनिक मेला स्थलों पर शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी को भी आयोजन की गरिमा भंग करने या सुरक्षा खतरे में डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि:-
1. शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें।
2. अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें।
3. दुर्गा उत्सव समितियों के कार्यक्रमों में अनुशासन बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार का हुड़दंग या विवाद न करें।
4. किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की सूचना तुरंत पुलिस एवं दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 में दें।
5. मेला परिसर में शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।

