नशा मुक्त भारत” राष्ट्रीय बाइक रैली का रायपुर आगमन, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की ओर से मरीन ड्राइव तेलीबांधा पर किया गया स्वागत
रायपुर : राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में देश को नशामुक्त बनाने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निकाली जा रही “नशा मुक्त भारत” राष्ट्रीय बाइक रैली का आज दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को राजधानी रायपुर आगमन हुआ। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की ओर से मरीन ड्राइव तेलीबांधा पर रैली में शामिल प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, डीसीपी क्राइम स्मृति राजनाला, डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप एवं अतिरिक्त डीसीपी मुख्यालय श्रीमती निमिषा पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह राष्ट्रीय बाइक रैली ओडिशा के बरगढ़ से होते हुए छत्तीसगढ़ पहुंची है। रैली का अगला पड़ाव बेमेतरा एवं कवर्धा होते हुए जबलपुर रहेगा। इसके पश्चात रैली विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचेगी।
रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना, नशे के दुष्परिणामों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को नशामुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनाना है। यह अभियान राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश भी दे रहा है।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील करता है कि वे नशे से दूर रहें तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

