ऑटो-ई-रिक्शा का QR कोड नहीं लगवाया तो बढ़ सकती है मुश्किल! रायपुर में 25 अक्टूबर तक करा लें ऑनलाइन पंजीयन, अब तक 16 हजार से ज्यादा वाहन दर्ज

ऑटो-ई-रिक्शा का QR कोड नहीं लगवाया तो बढ़ सकती है मुश्किल! रायपुर में 25 अक्टूबर तक करा लें ऑनलाइन पंजीयन, अब तक 16 हजार से ज्यादा वाहन दर्ज

ई-रिक्शा एवं ऑटो जिनका पंजीयन एवं QR कोड लगना शेष है अब करा सकेंगे ऑन लाइन पंजीयन!

अब 16 से 25 अक्टूबर 2026 तक चलेगा पंजीयन; अभियान!

01 नवंबर 2026 से ऑटो शोरूम से ही होगा   ऑटो ई रिक्शा का पंजीयन एवं QR चस्पा!

रायपुर : यातायात पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से संचालित ई-रिक्शा एवं ऑटो पंजीयन अभियान को वाहन चालकों एवं वाहन मालिकों की मांग तथा व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए 10 दिनों के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अब यह विशेष अभियान 16 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। वहीं, 01 नवंबर 2026 से नए ऑटो का पंजीयन ऑटो शोरूम के माध्यम से ही किया जाएगा।

यातायात डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने बताया कि पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा पूर्व में विशेष अभियान चलाकर 15,000 से अधिक ई-रिक्शा एवं ऑटो का पंजीयन किया जा चुका था। इसके बाद नए वाहन चालकों एवं मालिकों को अवसर प्रदान करने के लिए 01 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक पुनः विशेष पंजीयन अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 1,000 से अधिक ई-रिक्शा एवं ऑटो का पंजीयन किया गया।

उन्होंने बताया कि अब तक कुल 16,000 से अधिक ई-रिक्शा एवं ऑटो का पंजीयन किया जा चुका है, जिनमें से 14,130 वाहनों पर क्यूआर कोड लगाए जा चुके हैं। शेष पंजीकृत वाहनों पर भी शीघ्र क्यूआर कोड लगाने की कार्यवाही की जा रही है, जिससे प्रत्येक वाहन एवं चालक का डिजिटल सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके।

अभियान के अंतर्गत बड़ी संख्या में वाहनों का पंजीयन होने के बावजूद अभी भी अनेक ई-रिक्शा एवं ऑटो का पंजीयन शेष है। ऐसे वाहन चालकों एवं मालिकों को अंतिम अवसर प्रदान करते हुए अभियान की अवधि 16 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक बढ़ाई गई है, ताकि अधिक से अधिक वाहनों को पंजीकृत कर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित बनाया जा सके।

पंजीयन के पश्चात प्रत्येक वाहन का सत्यापित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा। इससे वाहन एवं चालक की पहचान सुनिश्चित करने, यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने तथा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने में सहायता मिलेगी। किसी दुर्घटना, विवाद अथवा अन्य आवश्यकता की स्थिति में वाहन संबंधी जानकारी भी तत्काल उपलब्ध हो सकेगी। क्यूआर कोड युक्त पंजीकृत वाहनों से यात्रियों का विश्वास बढ़ेगा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी।

पंजीयन के प्रमुख लाभ

1. वाहन एवं चालक की वैध और डिजिटल पहचान सुनिश्चित होगी।

2. यात्रियों की सुरक्षा एवं विश्वास में वृद्धि होगी।

3. सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनेगी।

4. वाहन संबंधी जानकारी उपलब्ध होने से अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण में सहायता मिलेगी।

5. लागू नियमों के अंतर्गत बिना आवश्यक पंजीयन वाहन संचालन पर होने वाली वैधानिक कार्रवाई से बचने में मदद मिलेगी।

पंजीयन कैसे कराएं?

ई-रिक्शा एवं ऑटो चालक अथवा वाहन मालिक अपने मोबाइल से उपलब्ध क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, अपने निकटतम यातायात थाने में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर निःशुल्क पंजीयन भी करा सकते हैं।

यातायात पुलिस रायपुर सभी ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालकों से अपील करती है कि वे 16 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस विस्तारित अभियान का लाभ उठाते हुए अपने वाहनों का अनिवार्य रूप से पंजीयन कराएं तथा सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं जिम्मेदार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के निर्माण में सहभागी बनें।

Chhattisgarh