लंबित मामलों पर नजर, रिकॉर्ड और पेशी का हिसाब एक क्लिक में! रायपुर कमिश्नरेट का बड़ा डिजिटल कदम, सभी ACP/विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट न्यायालयों में लागू होगा E-Court सिस्टम

लंबित मामलों पर नजर, रिकॉर्ड और पेशी का हिसाब एक क्लिक में! रायपुर कमिश्नरेट का बड़ा डिजिटल कदम, सभी ACP/विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट न्यायालयों में लागू होगा E-Court सिस्टम

रायपुर कमिश्नरेट के न्यायालयीन कार्यों को मिलेगा डिजिटल स्वरूप, प्रथम चरण में सभी सहायक पुलिस आयुक्त/विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट न्यायालयों में लागू होगा E-Court सिस्टम

न्यायालयीन कार्यों के डिजिटल प्रबंधन की दिशा में रायपुर कमिश्नरेट की अभिनव पहल।

प्रकरणों के संधारण, पेशी, जमानत एवं निराकरण के लिए एकीकृत डिजिटल व्यवस्था।

लंबित प्रकरणों की निगरानी, अभिलेखों के व्यवस्थित प्रबंधन एवं रिपोर्ट तैयार करने में मिलेगी सुविधा।

समस्त ACP एवं उनके अधीनस्थ रीडर स्टाफ के लिए आयोजित किया गया प्रशिक्षण सत्र।

पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है ऑनलाइन E Court सिस्टम

रायपुर : पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अंतर्गत संचालित सहायक पुलिस आयुक्त/विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट न्यायालयों के कार्यों को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से E-Court डिजिटल सिस्टम विकसित किया गया है। प्रथम चरण में इस प्रणाली को कमिश्नरेट के अंतर्गत संचालित सभी संबंधित न्यायालयों में लागू किया जाएगा। यह पहल न्यायालयीन कार्यप्रणाली को डिजिटल स्वरूप प्रदान करने तथा प्रकरणों के प्रबंधन एवं निगरानी को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को कमिश्नर कार्यालय में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर श्री अमित तुकाराम कांबले (IPS) की उपस्थिति में पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के समस्त ACP एवं उनके अधीनस्थ रीडर स्टाफ के लिए E-Court डिजिटल सिस्टम पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान सिस्टम की प्रमुख विशेषताओं, कार्यप्रणाली तथा न्यायालयीन प्रकरणों के डिजिटल संधारण, पेशी, निराकरण एवं रिपोर्टिंग की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई, ताकि संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी प्रणाली का प्रभावी उपयोग कर सकें।

पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में इस ऑनलाइन E Court सिस्टम को पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के संबंधित न्यायालयों की कार्यप्रणाली एवं आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है।

E-Court सिस्टम के माध्यम से न्यायालयीन प्रकरणों का डिजिटल संधारण, पेशी एवं सुनवाई की तारीखों का प्रबंधन, जमानत संबंधी कार्यवाही, प्रकरणों के निराकरण का रिकॉर्ड तथा लंबित प्रकरणों की निगरानी जैसे कार्य व्यवस्थित रूप से किए जा सकेंगे। इसके साथ ही प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त करने, अभिलेखों का बेहतर प्रबंधन करने तथा आवश्यकतानुसार विभिन्न रिपोर्ट तैयार करने में भी सुविधा मिलेगी। इससे संबंधित न्यायालयों में कार्यों के संचालन में एकरूपता लाने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

E-Court सिस्टम पुलिस कमिश्नरेट रायपुर में न्यायालयीन कार्यों के डिजिटल प्रबंधन, अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण, प्रशासनिक दक्षता एवं तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Chhattisgarh