थाना नारायणपुर पुलिस की जुआ के विरुद्ध कार्रवाई, 07 जुआरी पकड़े गए
जुआ खेलते 07 आरोपियों से ₹28,000 नगद, 08 मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई
नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक नारायणपुर संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्यचंद्राकर एवं एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह के मार्गदर्शन में जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना नारायणपुर पुलिस द्वारा जुआ खेलने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 07 आरोपियों को पकड़ा गया तथा उनके कब्जे से नगद राशि, मोबाइल फोन एवं अन्य सामग्री जब्त की गई।
जंगल के पीछे खुले मैदान में चल रहा था जुआ
दिनांक 12.10.2026 को थाना नारायणपुर पुलिस को पातुरबेड़ा के जंगल के पीछे स्थित खुले मैदान में कुछ व्यक्तियों द्वारा ताश के पत्तों के माध्यम से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर थाना नारायणपुर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम को देखकर वहां मौजूद व्यक्तियों में हलचल मच गई। पुलिस द्वारा घेराबंदी कर मौके से 07 व्यक्तियों को पकड़ा गया।
मौके पर ताश के पत्तों के माध्यम से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलना पाया गया। पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे एवं मौके से जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री तथा नगद राशि जब्त की गई।
जब्त सामग्री का विवरण
कार्रवाई के दौरान पुलिस द्वारा निम्नलिखित सामग्री जब्त की गई—
नगद राशि: ₹28,000
मोबाइल फोन: 08 नग
प्लास्टिक चटाई : 03 नग
ताश की गड्डियां: 04 नग (52 पत्तों वाली)
आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध
उक्त मामले में थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 100/2026, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नारायणपुर पुलिस द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
नारायणपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें। ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

