स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा पर पुलिस का बड़ा एक्शन! ऑटो में ठूंस-ठूंसकर बैठाए जा रहे थे बच्चे, 17 चालकों पर चला चालान

स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा पर पुलिस का बड़ा एक्शन! ऑटो में ठूंस-ठूंसकर बैठाए जा रहे थे बच्चे, 17 चालकों पर चला चालान

स्कूली ऑटो में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले वाहन चालकों पर यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई

क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन करने वाले 17 ऑटो चालकों पर चालानी कार्रवाई।

वाहन चालकों को यातायात नियमों एवं निर्धारित सीट क्षमता का पालन करने की सख्त हिदायत।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर यातायात पुलिस द्वारा निरंतर की जा रही जांच एवं कार्रवाई।

रायपुर : स्कूली छात्र-छात्राओं के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने तथा स्कूली वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर द्वारा विशेष जांच एवं कार्रवाई अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में आज दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को यातायात पुलिस द्वारा स्कूली ऑटो की जांच के दौरान क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाने वाले 17 ऑटो चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे ऑटो में निर्धारित सीट क्षमता के अनुरूप ही बच्चों को बैठाएँ। चालक की सीट के अगल-बगल किसी भी बच्चे को न बैठाएँ, क्योंकि इससे चालक को वाहन चलाने में परेशानी होने के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न करें तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर द्वारा सभी अभिभावकों एवं स्कूल प्रबंधन से अपील की जाती है कि वे बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले ऑटो एवं अन्य वाहनों की निर्धारित क्षमता तथा सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान दें। बच्चों को ऐसे वाहनों में न भेजें, जिनमें क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जाता है या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया जाता है।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर द्वारा स्पष्ट किया गया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध जांच एवं वैधानिक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Crime