ढोंगाअम्बा से धुमांडाड तक हाथी की हलचल, चर्च परिसर में घुसने के बाद अब किस ओर बढ़ेगा गजराज? रेमते के जंगल में निगरानी तेज, नजदीक जाने और भीड़ जुटाने पर वन विभाग की चेतावनी

ढोंगाअम्बा से धुमांडाड तक हाथी की हलचल, चर्च परिसर में घुसने के बाद अब किस ओर बढ़ेगा गजराज? रेमते के जंगल में निगरानी तेज, नजदीक जाने और भीड़ जुटाने पर वन विभाग की चेतावनी

जशपुर वनमण्डल के कुनकुरी परिक्षेत्र अंतर्गत धुमांडाड नवाटोली के चर्च परिसर में पहुंचा हाथी

वन विभाग की टीम द्वारा हाथी की लगातार निगरानी, आम नागरिकों से सतर्कता बरतने एवं हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील

जशपुर : वनमण्डल अंतर्गत कुनकुरी वन परिक्षेत्र में दिनांक 11.10.2026 को एक हाथी के विचरण की जानकारी प्राप्त हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त हाथी ढोंगाअम्बा बीट से सरसपुर, रजैटी एवं लोटापानी होते हुए धुमांडाड (नवाटोली) पहुंचा।

हाथी प्रातः लगभग 05:30 बजे धुमांडाड (नवाटोली) स्थित चर्च परिसर में प्रवेश कर गया था।

वर्तमान में उक्त हाथी रेमते के जंगल में विचरणरत है। हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने एवं क्षेत्र में जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वन विभाग की टीम मौके पर उपस्थित है। विभागीय अमले द्वारा हाथी की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है तथा उसकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।

वन विभाग द्वारा हाथी की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए संबंधित क्षेत्र के ग्रामीणों एवं आम नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे हाथी के संभावित विचरण क्षेत्र एवं आसपास के जंगलों में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करें तथा हाथी की उपस्थिति की जानकारी मिलने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे उक्त हाथी के नजदीक न जाएं और न ही उसे देखने के लिए भीड़ एकत्रित करें। हाथी को घेरने, भगाने, परेशान करने अथवा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ करने का प्रयास न करें। हाथी के नजदीक जाने से जान-माल की हानि होने की आशंका बनी रहती है। अतः स्वयं की सुरक्षा एवं अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हाथी से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। वन विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आम नागरिकों से अनुरोध है कि वे विभागीय अमले को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

वन विभाग द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि घटना के संबंध में किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी अथवा अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें प्रसारित करें।

Jashpur