पुलिस कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित क्राईम मीटिंग में एसपी ने की अपराधों की समीक्षा; लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के दिए कड़े निर्देश
CCTNS में प्रभावी कार्य, थाने के बल का समुचित प्रबंधन तथा ई-साक्ष्य की अनिवार्य रूप से एंट्री सुनिश्चित करने पर जोर
साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु MRM/GRM पोर्टल पर प्रभावी कार्रवाई करने के दिए गए निर्देश
विशेष अभियान चलाकर वर्ष 2024 से 2025 तक के लंबित अपराधों और शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश
आगामी नवरात्रि, दशहरा एवं दीपावली पर्व के मद्देनजर असामाजिक तत्वों और शांति व्यवस्था बाधित करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों की कार्यप्रणाली की गई सराहनीय प्रशंसा
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा गौरव राय के निर्देशन में आज दिनांक 10.10.2026 को प्रातः 11:00 बजे से पुलिस कार्यालय सभाकक्ष बलौदाबाजार में जिले की महत्वपूर्ण क्राईम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं सभी थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश एवं संबोधन: बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को विस्तार से दिशा-निर्देशित करते हुए कहा कि पुलिसिंग में कसावट लाना और आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपने संबोधन में उन्होंने निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष बल दिया:
1. CCTNS एवं ई-साक्ष्य का प्रभावी क्रियान्वयन:- सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि CCTNS पोर्टल पर प्रविष्टियों को शत-प्रतिशत और समय पर पूरा किया जाए। इसके साथ ही विवेचना के दौरान ई-साक्ष्य (e-Evidence) का संकलन अनिवार्य रूप से किया जाए ताकि न्यायालयीन प्रक्रिया में मजबूती मिल सके।
2. बल का प्रभावी प्रबंधन एवं उपयोग:- थानों और चौकियों में उपलब्ध पुलिस बल का युक्तिसंगत एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। मैदानी स्तर पर बल का इस प्रकार प्रबंधन हो कि संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की दृश्यता (Police Visibility) स्पष्ट रूप से नजर आए।
3. साइबर अपराध नियंत्रण (MRM / GRM):– साइबर अपराध एवं साइबर पोर्टल MRM और GRM पर प्राप्त शिकायतों व मामलों में त्वरित, गंभीर और प्रभावी कार्रवाई की जाए, जिससे ठगी गई राशि की रिकवरी समय पर हो सके।
4. लंबित अपराधों व शिकायतों का त्वरित निकाल (विशेषकर 2024-25):– जिले में लंबित अपराधों, मर्ग डायरियों, शिकायतों एवं शिकायत जांच का शीघ्र निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने विशेष तौर पर वर्ष 2024 से 2025 तक के समस्त लंबित अपराधों की सूची की समीक्षा करते हुए इन्हें प्राथमिकता के आधार पर तेजी से हल करने को कहा।
5. आगामी त्यौहारों के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था:- चूंकि वर्तमान में नवरात्रि, दशहरा एवं आगामी दीपावली जैसे प्रमुख पर्व चल रहे हैं, अतः क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चाक-चौबंद सुरक्षा प्रबंध किए जाएं। असामाजिक तत्वों, हुड़दंगियों और शांति व्यवस्था में बाधा डालने का प्रयास करने वाले तत्वों पर बिना किसी ढील के सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।
उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रशंसा:- बैठक के दौरान अपने थानों में उत्कृष्ट कार्य, बेहतर पुलिसिंग और सजगता का परिचय देने वाले निरीक्षक प्रवीण मिंज एवं निरीक्षक परिवेश तिवारी के कार्यों की विशेष रूप से सराहना करते हुए उनकी प्रशंसा की गई, जिससे अन्य अधिकारी भी प्रेरित हो सकें।
बैठक में उपस्थिति अधिकारीगण:- बैठक में खोमन सिन्हा (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक), मयंक रणसिंह (एसडीओपी भाटापारा) कौशल किशोर वासनिक (उप पुलिस अधीक्षक कैम्प कसडोल), संजय साहू (उप पुलिस अधीक्षक यातायात), राजेश श्रीवास्तव (उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय), सुश्री मोनिका मरावी (उप पुलिस अधीक्षक यातायात), श्रीमती उषा सोंधिया (एसडीओपी बलौदाबाजार) सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय के स्टाफ उपस्थित रहे।

