सेवा संकल्प अभियान 2026 : जशपुर में बैंक ऋण मेले में 64 हितग्राहियों को 66.76 लाख रुपये का मुद्रा ऋण स्वीकृत
98 स्व-सहायता समूहों को 2.75 करोड़ रुपये की बैंक लिंकेज की स्वीकृति, महिलाएं बन रहीं लखपति दीदी
जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप स्व-सहायता समूह की महिलाओं को विभिन्न आजीविका मूलक गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत 8 अक्टूबर को जनपद पंचायत जशपुर स्थित वशिष्ट कम्युनिटी हॉल में बैंक ऋण मेले का आयोजन किया गया। यह आयोजन कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
बैंक ऋण मेले में विभिन्न बैंकों द्वारा स्व-सहायता समूहों एवं हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। मेले में कुल 64 हितग्राहियों को 66.76 लाख रुपये के मुद्रा ऋण तथा 98 स्व-सहायता समूहों को 2 करोड़ 75 लाख रुपये की बैंक लिंकेज की स्वीकृति प्रदान की गई।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, पार्षद श्री राजीव गुप्ता, बीडीसी श्रीमती सावित्री सिंह जशपुर जनपद पंचायत सीईओ श्री लोखित भगत सहित जिला पंचायत जशपुर की एनआरएलएम (बिहान) टीम के श्री अमीन खान एवं श्री विंसेंट तिर्की उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं विकासखंड स्तर के बीपीएम भी मौजूद थे।
स्वरोजगार से बढ़ रही महिलाओं की आय
बैंक ऋण के माध्यम से स्व-सहायता समूह की महिलाएं मुर्गी पालन, बकरी पालन, सिलाई दुकान, ब्यूटी पार्लर, बेकरी, किराना दुकान एवं रेस्टोरेंट जैसे विभिन्न आजीविका मूलक कार्यों से जुड़कर अपनी आय बढ़ा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से महिलाएं सालाना एक लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रही हैं और लखपति दीदी बनने का लक्ष्य हासिल कर रही हैं।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से महिलाओं को बैंक ऋण एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

