UCC पर जशपुर में जुटे सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक प्रतिनिधि, समिति के सामने रखे विचार और सुझाव; अब अभिमतों के आधार पर आगे बढ़ेगी ड्राफ्ट तैयार करने की प्रक्रिया

UCC पर जशपुर में जुटे सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक प्रतिनिधि, समिति के सामने रखे विचार और सुझाव; अब अभिमतों के आधार पर आगे बढ़ेगी ड्राफ्ट तैयार करने की प्रक्रिया

समान नागरिक संहिता को लेकर जशपुर में समूह चर्चा एवं बैठक सम्पन्न

समाज के ’विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने साझा किए विचार एवं सुझाव, प्राप्त सुझावों के आधार पर तैयार किया जाएगा ड्राफ्ट

जशपुर : समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में समाज के विभिन्न वर्गों के विचार एवं सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से सरगुजा संभाग के प्रतिनिधियों के साथ समूह चर्चा एवं बैठक का आयोजन शुक्रवार को जशपुर स्थित जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित किया गया।

सर्व प्रथम सरगुजा संभाग के आयुक्त श्री नरेन्द्र दुग्गा द्वारा स्वागत भाषण दिया गया।

तत्पश्चात उच्च स्तरीय समिति के सचिव एवं रायपुर संभाग के आयुक्त श्री श्याम धावड़े द्वारा समान नागरिक संहिता की उच्च स्तरीय समिति के सदस्यों का परिचय सभा के समक्ष दिया गया।

बैठक में  विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, शिक्षाविदों, प्रतिष्ठित एवं गणमान्य नागरिकों तथा निगम, मंडल एवं आयोग के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। समिति के समक्ष विवाह एवं तलाक भरण-पोषण उत्तराधिकार एवं विरासत और लिव-इन संबंध जैसे मुद्यों पर विभिन्न सामाजिक, राजनितिक, धार्मिक संघों के पदाधिकारियों ने खुलकर अपने सुझाव दिए।

बैठक में यूसीसी समिति के सदस्य एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री एम.के. राउत, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री मोहन पवार, सेवानिवृत्त प्राचार्या डॉ. ज्योति रानी सिंह, उच्च स्तरीय समिति के सचिव एवं आयुक्त रायपुर संभाग श्री श्याम लाल धावड़े तथा सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेंद्र कुमार दुग्गा,   उपस्थित रहे।

विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से लिए गए सुझाव-

बैठक में समान नागरिक संहिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों एवं नागरिकों से यूसीसी के संबंध में उनके विचार, सुझाव एवं अभिमत आमंत्रित किए गए। विभिन्न वर्गों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र एवं सामाजिक परिवेश के दृष्टिकोण से विषय से संबंधित सुझाव समिति के समक्ष प्रस्तुत किए।

बैठक का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित करते हुए समान नागरिक संहिता से जुड़े विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करना तथा विभिन्न पक्षों के विचारों एवं सुझावों को समझना रहा। समिति के सदस्यों ने उपस्थित प्रतिनिधियों के विचारों को सुना और सुझावों के संकलन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।

’सुझावों के आधार पर तैयार होगा समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट-

यूसीसी समिति के सदस्यों ने बताया कि सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों सहित विभिन्न वर्गों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों का अध्ययन किया जाएगा। इन सुझावों एवं अभिमतों के आधार पर समान नागरिक संहिता से संबंधित ड्राफ्ट तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

बैठक के दौरान पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से समान नागरिक संहिता क्या है, इसके विभिन्न पहलू तथा समिति द्वारा की जा रही प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उपस्थित प्रतिनिधियों को विषय से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही उनके प्रश्नों एवं सुझावों को भी चर्चा में शामिल किया गया।

ऑनलाइन माध्यम से भी आमंत्रित किए गए सुझाव-

समिति द्वारा समान नागरिक संहिता के संबंध में व्यापक स्तर पर सुझाव प्राप्त करने के लिए वेबसाइट एवं ई-मेल की जानकारी भी साझा की गई। नागरिक एवं विभिन्न संगठन समिति की वेबसाइट ucc.cgstate.gov.in तथा ई-मेल ucc-chhattisgarh@cg.gov.in के माध्यम से भी अपने सुझाव एवं अभिमत प्रस्तुत कर सकते हैं।

 समिति द्वारा संभाग के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद के माध्यम से समान नागरिक संहिता से संबंधित विचार एवं सुझाव संकलित किए जा रहे हैं। प्राप्त सुझावों को आगामी प्रक्रिया में समुचित रूप से शामिल किए जाने की दिशा में समिति द्वारा कार्य किया जा रहा है।

इस दौरान  सर्व आदिवासी समाज,उरांव समाज, कंवर समाज , यादव समाज,  साहू समाज, गुप्ता समाज,  वनवासी कल्याण आश्रम, रौनियार, समाज,  अघरिया समाज,मुस्लिम  समाज,  जिला अधिवक्ता संघ, व्यापारी संघ, आदि उपस्थित रहे।

विधायक जशपुर श्रीमती रायमुनि भगत, पद्म श्री जागेश्वर यादव,

राजनीतिक दलों  के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि सहित अन्य समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे और लिखित एवं मौखिक माध्यम से समान नागरिक सहिंता के विषय में अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार उपस्थित थे।

Jashpur