सोने का बिस्किट दिलाने का लालच देकर ठगी करने वाला आरोपी गाजियाबाद उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, रानीतराई पुलिस ने अंतरराज्यीय आरोपी तक पहुंचकर की कार्रवाई
सोने का बिस्किट दिलाने का लालच देकर लोगों से धोखाधड़ी करने के मामले में थाना रानीतराई पुलिस ने आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्त किया।-
प्रार्थी की शिकायत पर थाना रानीतराई में अपराध क्रमांक 16/2026 धारा 318(4), 3(5), 111 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
विवेचना के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जानकारी से आरोपियों के दूसरे राज्य में होने की जानकारी प्राप्त हुई।
पुलिस टीम ने आवश्यक अनुमति प्राप्त कर गाजियाबाद उत्तर प्रदेश पहुंचकर आरोपी की तलाश की और उसे विधिवत गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी द्वारा मोबाइल धारक राहुल कुमार के साथ मिलकर लोगों से धोखाधड़ी करना स्वीकार किया गया, जिसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
दुर्ग : थाना रानीतराई पुलिस द्वारा धोखाधड़ी के प्रकरण में तकनीकी साक्ष्यों एवं मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की पहचान कर दूसरे राज्य गाजियाबाद उत्तर प्रदेश से गिरफ्तारी की गई।
प्रार्थी समीर साहू, निवासी ग्राम रेंगाकठोरा द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला दुर्ग के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत थाना रानीतराई में प्राप्त होने पर प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने से अपराध क्रमांक 16/2026 धारा 318(4), 3(5), 111 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबर की तकनीकी जानकारी प्राप्त की गई। मोबाइल नंबरों की लोकेशन दूसरे राज्य में पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक अनुमति प्राप्त कर थाना रानीतराई से पुलिस टीम रवाना की गई।
पुलिस टीम द्वारा तकनीकी जानकारी के आधार पर थाना इंदिरापुरम, जिला गाजियाबाद उत्तर प्रदेश क्षेत्र में आरोपी की तलाश की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी विश्वजीत मौर्य को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसके द्वारा मोबाइल धारक राहुल कुमार के साथ मिलकर लोगों से धोखाधड़ी करना स्वीकार किया गया। आरोपी को गाजियाबाद उत्तर प्रदेश से विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 06.10.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
आरोपी द्वारा सोने का बिस्किट दिलाने का लालच देकर लोगों को विश्वास में लिया जाता था तथा इसी लालच के माध्यम से धोखाधड़ी कर रकम प्राप्त करने की बात सामने आई है। प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों एवं लेन-देन के संबंध में विवेचना जारी है।
घटना स्थल
प्रकरण थाना रानीतराई क्षेत्र, जिला दुर्ग से संबंधित है। आरोपी की गिरफ्तारी इंदिरापुरम क्षेत्र, जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश से की गई।
आरोपी का नाम
1. विश्वजीत मौर्य, उम्र 29 वर्ष, निवासी सांडीराम, पोस्ट सांडीनागिन, थाना मिल एरिया, जिला रायबरेली, उत्तर प्रदेश; हाल मुकाम मकान नंबर 302, न्यायालय खंड-1, मनकपुर, सी.के. पब्लिक स्कूल के पास, साईं क्लिनिक के सामने, इंदिरापुरम, जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश।
सराहनीय कार्य
उक्त कार्यवाही में थाना रानीतराई पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की लोकेशन का पता लगाकर दूसरे राज्य में पहुंचकर आरोपी की गिरफ्तारी की गई।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा कम कीमत में सोना अथवा अन्य कीमती वस्तु दिलाने का लालच दिए जाने पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें। किसी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम, मोबाइल या अन्य वित्तीय साधन उपयोग के लिए न दें। इस प्रकार की ठगी अथवा खाते के दुरुपयोग में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

