ऑपरेशन शंखनाद में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जंगल की पगडंडियों से झारखंड ले जाए जा रहे 29 गौवंश मुक्त, सोनक्यारी में 3 तस्कर गिरफ्तार—फरार आरोपियों की तलाश तेज

ऑपरेशन शंखनाद में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जंगल की पगडंडियों से झारखंड ले जाए जा रहे 29 गौवंश मुक्त, सोनक्यारी में 3 तस्कर गिरफ्तार—फरार आरोपियों की तलाश तेज

ऑपरेशन शंखनाद : गौवंश तस्करी के विरूद्ध जशपुर पुलिस की एक और बड़ी कार्रवाई

सोनक्यारी एवं सिटी कोतवाली पुलिस की अलग अलग कार्रवाई में कुल 29 नग गौवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त

सोनक्यारी पुलिस ने 17 गौवंशों को जंगल के रास्ते झारखण्ड ले जाते 03 आरोपियों को किया गिरफ्तार

सिटी कोतवाली पुलिस ने रात्रि में जंगल के रास्ते पैदल झारखण्ड ले जाए जा रहे 12 गौवंशों को कराया मुक्त

सोनक्यारी प्रकरण में 03 आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमाण्ड पर, फरार आरोपियों की पतासाजी जारी

जशपुर : जशपुर पुलिस द्वारा डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिले में गौवंशों की अवैध तस्करी एवं परिवहन के विरूद्ध ऑपरेशन शंखनाद के तहत लगातार प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चौकी सोनक्यारी एवं थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में कुल 29 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया। सोनक्यारी पुलिस की कार्रवाई में जहां 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई के दौरान तस्कर रात्रि एवं जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी पतासाजी की जा रही है।

सोनक्यारी पुलिस ने 17 गौवंशों को कराया मुक्त, 03 आरोपी गिरफ्तार

दिनांक 03.10.2026 को चौकी सोनक्यारी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति ग्राम गीधा के भंवरकोना जंगल के रास्ते 17 नग गौवंशों को पैदल झारखण्ड ले जा रहा है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया। पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चौकी सोनक्यारी पुलिस टीम के द्वारा तत्काल भंवरकोना जंगल की ओर रवाना हुआ गया।

पुलिस टीम द्वारा जंगल क्षेत्र में पहुंचकर तलाश एवं घेराबंदी की गई। इस दौरान एक व्यक्ति 17 नग गौवंशों के साथ मिला।

पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर उक्त व्यक्ति ने अपना नाम बालमुकुंद पिता जगमोहन, उम्र 26 वर्ष, निवासी धौरापाठ, थाना सन्ना, जिला जशपुर बताया। पूछताछ में उसने बताया कि वह उक्त गौवंशों को ग्राम पंड्रापाठ निवासी पंचू यादव से लेकर गुगुल निवासी दोनापाठ, थाना डुमरी, जिला गुमला (झारखण्ड) के पास ले जा रहा था। आगे इन गौवंशों को झारखण्ड ले जाने की तैयारी थी।

मामले में पुलिस द्वारा सभी 17 गौवंशों को सुरक्षित अपने कब्जे में ले कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान गौवंशों को उपलब्ध कराने एवं आगे ले जाने में संलिप्त पंचू यादव एवं गुगुल अहिर की भूमिका सामने आई।

पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस प्रकार प्रकरण में कुल 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।

सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस की तड़के 03 बजे कार्रवाई, 12 गौवंश मुक्त

इसी क्रम में आज दिनांक 04.10.2026 को तड़के लगभग 03.00 बजे थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति जरिया भभरी जंगल के रास्ते गौवंशों को पैदल झारखण्ड राज्य की ओर ले जा रहे हैं।

सूचना पर थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए जरिया भभरी जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की गई।

पुलिस टीम को देखकर गौवंशों को लेकर जा रहे तस्कर रात्रि एवं घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा मौके से 12 नग गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया गया। पुलिस टीम के द्वारा

फरार आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा आसपास के संभावित मार्गों एवं क्षेत्रों में लगातार पतासाजी की जा रही है। प्रकरण में तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर मोर ध्वज देशमुख, प्रधान आरक्षक सावित्री भगत, आरक्षक उपेन्द्र सिंह, आरक्षक रवि राम एवं नगर सैनिक रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दोनों प्रकरणों में क्रमशः चौकी सोनक्यारी, थाना सन्ना व थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अलग अलग छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

चौकी सोन क्यारी क्षेत्रांतर्गत मामले में गिरफ्तार आरोपी –

1. बालमुकुंद , उम्र 26 वर्ष, निवासी धौरापाठ, थाना सन्ना, जिला जशपुर (छ.ग.)

2. पंचू यादव निवासी पंड्रापाठ मुड़ाकोना, चौकी पंड्रापाठ, थाना बगीचा, जिला जशपुर (छ.ग.)

3. गुगुल अहिर पिता ठोठो, उम्र 25 वर्ष, निवासी दोनापाठ, थाना डुमरी, जिला गुमला (झारखण्ड)

बरामदगी:-

सोनक्यारी क्षेत्र से – 17 नग गौ वंश

सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र से – 12 नग गौवंश

कुल – 29 नग गौवंश सुरक्षित मुक्त

डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस द्वारा ऑपरेशन शंखनाद के तहत जिले में गौवंशों की अवैध तस्करी, परिवहन एवं इससे जुड़े नेटवर्क के विरूद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है पुलिस के द्वारा दो अलग अलग मामलों में कुल 29 नग गौ वंशों को तस्करों से मुक्त कराया गया है। व टीम आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।गौवंश तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे व्यक्तियों के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Crime Jashpur