सीएम हेल्पलाइन से खुली स्वरोजगार की राह, रवि को मिला बकरी पालन योजना का लाभ
शिकायत के निराकरण से दूर हुई पंजीयन की बाधा, दो माह में मिलीं बकरियां और 50 हजार रुपये का अनुदान
बिलासपुर : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन कोटा विकासखंड के ग्राम करगी कला निवासी रवि सोनी के लिए स्वरोजगार का सपना साकार करने का माध्यम बनी है। बकरी उद्यमिता विकास योजना का लाभ मिलने में आ रही पंजीयन संबंधी बाधा हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद दूर हुई। पशुपालन विभाग की कार्रवाई से लगभग दो माह में उन्हें 13 बकरियां और 2 बकरे मिले। अब रवि को बकरी पालन से परिवार की आमदनी बढ़ाने की उम्मीद है।
रवि सोनी ने सुशासन तिहार में बकरी पालन के लिए आवेदन दिया था, लेकिन ग्राम पंचायत में पंजीयन नहीं होने के कारण उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाया। अपना उद्यम शुरू करने की इच्छा रखने वाले रवि ने 11 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पशुपालन विभाग ने प्रकरण का निराकरण करते हुए योजना का आवेदन भरवाया और स्वीकृति प्रदान की।
विभागीय मार्गदर्शन में रवि ने 13 बकरियां और 2 बकरे खरीदे। डेढ़ लाख रुपये की इकाई के लिए उन्हें 50 हजार रुपये का अनुदान भी प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से समस्या का समाधान होने से उन्हें व्यवसाय शुरू करने में मदद मिली और आत्मनिर्भर बनने का विश्वास बढ़ा। रवि अब बकरी पालन को नियमित आय का स्रोत बनाना चाहते हैं। उन्हें उम्मीद है कि अच्छी देखभाल और बकरियों की संख्या बढ़ने से आने वाले समय में परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी।
संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा विभाग डॉ. जीएसएस तंवर ने बताया कि रवि को बकरी पालन के लिए पूरा मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि उद्यम संचालन में कोई दिक्कत न हो। बकरियों के आहार, रखरखाव, टीकाकरण और रोगों से बचाव के संबंध में विभाग आवश्यक सलाह एवं सहयोग प्रदान करेगा। रवि सोनी का अनुभव मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की उपयोगिता का उदाहरण है। हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्या संबंधित विभाग तक पहुंची और समाधान के साथ उन्हें स्वरोजगार का अवसर भी मिला।

