गांधी जयंती के अवसर पर ‘रिफॉर्म उत्सव’ के तहत ग्राम सभाओं में मेरा युवा भारत स्वयंसेवकों ने किया जनजागरूकता अभियान
जशपुर : गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित ‘रिफॉर्म उत्सव’ के अंतर्गत मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के स्वयंसेवकों द्वारा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं में सहभागिता की गई। इस दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं अन्य महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को मेरा युवा भारत की विभिन्न गतिविधियों, युवा सहभागिता एवं उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता एवं मिलने वाले लाभों के संबंध में जागरूक किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। स्वयंसेवकों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
यह जनजागरूकता एवं सहभागिता अभियान जिले के विभिन्न विकासखंडों में आयोजित किया गया, जिसमें ग्राम पंचायत जुमाईकेला (कांसाबेल), ग्राम जरिया (मनोरा), ग्राम पंचायत कुटमा (बगीचा), ग्राम पंचायत डुमरिया (पारसाबहार), ग्राम पंचायत दुलदुला (दुलदुला), ग्राम पंचायत रायकेरा (कुनकुरी), ग्राम पंचायत मधुबन (पत्थलगांव) तथा ग्राम पंचायत पुरानानगर (जशपुर) शामिल रहे।
इस अभियान का उद्देश्य ग्राम स्तर पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना, नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना रहा।


