एकलव्य विद्यालयों के नए भवनों के निर्माण में तेजी, विद्यार्थियों को जल्द मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर फरसाबहार और कांसाबेल में बन रहे सर्वसुविधायुक्त परिसर
नए भवनों में शिक्षा के साथ आवास, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कंप्यूटर एवं खेल सुविधाओं का मिलेगा बेहतर लाभ
जशपुर : जिले के आदिवासी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के नए भवनों का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर फरसाबहार एवं कांसाबेल विकासखंड के ढुढरूडांड में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के सर्वसुविधायुक्त भवनों का निर्माण किया जा रहा है। भवनों के पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आवासीय, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कंप्यूटर, खेल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।
बटाईकेला से नए परिसर में संचालित होगा विद्यालय
कांसाबेल क्षेत्र में वर्तमान में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का संचालन बटाईकेला में किया जा रहा है। नए परिसर का निर्माण पूरा होने के बाद विद्यालय को विस्तृत एवं आधुनिक भवन में संचालित किया जाएगा। नए परिसर में विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कक्षाओं के साथ प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कंप्यूटर आधारित शिक्षण, छात्रावास तथा खेल गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी प्रतिभा और कौशल को निखारने के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।
शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकास पर जोर
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों का उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के आदिवासी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर आवासीय एवं शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नए भवनों के तैयार होने से विद्यार्थियों को एक ही परिसर में शिक्षा, आवास, भोजन, खेल और सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों की सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे विद्यार्थियों के लिए अध्ययन का अनुकूल वातावरण तैयार होगा और उनके शैक्षणिक, रचनात्मक एवं सह-पाठ्यचर्या कौशल के विकास को भी गति मिलेगी।
शिक्षा अधोसंरचना को मिल रही नई मजबूती
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना के विस्तार और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य हो रहे हैं। इसी क्रम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के नए भवनों का निर्माण महत्वपूर्ण कदम है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद इन परिसरों में विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। इससे जिले के दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर आधार तैयार होगा।


