यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट ऑपरेशनल कमांड की बैठक आयोजित, मानसून के बाद की ऑपरेशनल तैयारियों एवं सुरक्षा रणनीति पर हुआ मंथन
सड़क एवं अधोसंरचना विकास, आक्रामक एरिया डोमिनेशन और घेराबंदी एवं तलाशी अभियान को लेकर बनाई गई समन्वित रणनीति
नारायणपुर : आज दिनांक 30.09.2026 को पुलिस अधीक्षक नारायणपुर संदीप कुमार पटेल के द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नारायणपुर में यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट ऑपरेशनल कमांड की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्या चंद्राकर, एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह एवं डीएसपी आशीष नेताम भौतिक रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में तैनात आईटीबीपी की 06 बटालियनों के कमांडेंट, बीएसएफ की 04 बटालियनों के कमांडेंट तथा 18वीं बटालियन छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, शांतिनगर के कंपनी कमांडर द्वारा वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की गई।
बैठक में मानसून के बाद की ऑपरेशनल तैयारियों, सुरक्षा बलों के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकास, क्षेत्र में सड़कों की स्थिति एवं आवागमन, आगामी आक्रामक एरिया डोमिनेशन , सघन सर्च अभियान के लिए आवश्यक तैयारियों एवं रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय, सूचनाओं के प्रभावी आदान-प्रदान एवं संयुक्त ऑपरेशनल कार्रवाई को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। आगामी अवधि में क्षेत्र की भौगोलिक एवं परिचालन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से अभियान संचालित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नारायणपुर पुलिस एवं केंद्रीय तथा सशस्त्र बलों के बीच बेहतर समन्वय के साथ जिले में सुरक्षित वातावरण एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संयुक्त प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।


