ग्राम कुम्हारी में सूने मकान में रात्रि में घुसकर चोरी करने वाला शातिर चोर चढ़े बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस के हत्थे
आरोपी दुर्गेश नवरत्न चोरी की घटना को अंजाम देकर हो गया था, दूसरे राज्य फरार
गांव वापस लौटते ही मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर धर दबोचा
आरोपी के कब्जे से टुल्लू पंप, गैस सिलेंडर, पीतल के बर्तन एवं साड़ियां कुल ₹25,000 का मसरूका बरामद
थाना गिधौरी पुलिस टीम को आरोपी से चोरी का शत प्रतिशत सामान बरामद करने में मिली सफलता
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन, में थाना गिधौरी पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त अपराधियों एवं नकाबपोश चोरों के विरुद्ध लगातार कठोर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम कुम्हारी में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से शत-प्रतिशत चोरी का माल बरामद करने में सफलता मिली है।
घटना एवं अपराध का विवरण:- प्रार्थी संजय कुमार काठे (निवासी ग्राम कुम्हारी) द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 02.09.2026 से 04.09.2026 के मध्य अज्ञात चोर द्वारा उसके घर का ताला तोड़कर रात्रि में प्रवेश किया गया और घर में रखे पुराना इस्तेमाल टुल्लू मोटर पंप, एक नग गैस सिलेंडर, पुरानी साड़ियां, पीतल के बर्तन (बर्तन, गुंडी, कुकर, कड़ाही आदि) जुमला कीमती लगभग ₹25,000 की चोरी कर ली गई है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गिधौरी में धारा 331(4),305(a) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस कार्यवाही एवं आरोपी की गिरफ्तारी:- विवेचना के दौरान अज्ञात आरोपी की पतासाजी हेतु गांव में मुखबिर तैनात कर आसपास के संदिग्धों से गहन पूछताछ शुरू की गई। जांच एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पता चला कि गांव के ही निवासी दुर्गेश नवरत्न द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद आरोपी गिरफ्तारी के डर से अन्य राज्य कमाने-खाने भाग गया था। पुलिस टीम द्वारा आरोपी पर सतत् नजर रखी जा रही थी। दिनांक 25.09.2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गांव लौटा हुआ है। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस टीम द्वारा आरोपी के सकुनत (ठिकाने) पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया गया।
पूछताछ एवं माल बरामदगी:- हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी दुर्गेश नवरत्न ने प्रार्थी के घर से चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसकी निशानदेही पर उसके घर से चोरी किया गया संपूर्ण मसरूका (टुल्लू मोटर पंप, गैस सिलेंडर, पीतल के बर्तन, कुकर, कड़ाही, साड़ियां आदि कुल कीमती ₹25,000) विधिवत जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध धारा के तहत पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दिनांक 25.09.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी- दुर्गेश नवरत्न पिता मेलाराम नवरत्न, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम कुम्हारी, थाना गिधौरी


