जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा की
शैक्षणिक गतिविधियों एवं नवाचारों के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
स्मार्ट क्लास के लिए सभी स्कूलों में इंटरनेट सुविधा और बालिका शौचालय निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश
जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेकर जिले में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, सीखने की क्षमता बढ़ाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, सहज और रुचिकर बनाने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर ने जश लर्न, जश क्वेस्ट, स्मार्ट क्लासेस, संपर्क स्मार्ट शाला, संपर्क क्लासेस, नन्हे सितारे सहित अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इनका लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
*जश लर्न में बेहतर प्रदर्शन करने वाले ब्लाकों की सराहना*
कलेक्टर श्री व्यास ने जश लर्न कार्यक्रम के दूसरे चरण की तैयारियों और कार्ययोजना की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि दूसरे चरण की पांच सप्ताह की गतिविधियां पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि एक सप्ताह की गतिविधियां शेष हैं। कलेक्टर ने शेष अवधि में कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में अपेक्षित सुधार लाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने जश लर्न कार्यक्रम के बेहतर क्रियान्वयन के लिए दुलदुला, कुनकुरी और फरसाबहार विकासखंड के प्रदर्शन की सराहना की तथा अन्य विकासखंडों को भी अपने प्रदर्शन में और सुधार लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों को गणित एवं विज्ञान विषयों में दक्ष बनाने के उद्देश्य से संचालित जश क्वेस्ट कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण तथा संकुल समन्वयकों का ऑनलाइन ओरिएंटेशन पूर्ण हो चुका है। आगामी गतिविधियों की तैयारियां की जा रही हैं। कलेक्टर ने कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने और इसके अपेक्षित परिणाम सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। स्कूलों में संचालित स्मार्ट क्लासेस के समीक्षा के दौरान उन्होंने डैशबोर्ड के सुचारू संचालन के लिए जिन विद्यालयों में अभी तक इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है, वहां शीघ्र इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि स्मार्ट क्लास की गतिविधियों का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके।
*बालिका शौचालय निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता*
कलेक्टर श्री व्यास ने विद्यालयों में बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं आवश्यक शौचालय सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में बालिका शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएं, ताकि आवश्यकता के अनुसार निर्माण कार्य कराया जा सके। उन्होंने स्वीकृत निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में मैंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट, अपार आईडी एवं विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को शासकीय योजनाओं और विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं का समय पर लाभ मिल सके। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहें।


