कलेक्टर रोहित व्यास ने दिए गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए आयोजकों को लेनी होगी एसडीएम से अनुमति
विसर्जन जुलूस में वाहनों, श्रद्धालुओं की अनुमानित संख्या और साउंड सिस्टम की देनी होगी जानकारी
जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आयोजकों और अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए आयोजकों को संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा। लिखित अनुमति प्राप्त होने के बाद ही गणेश प्रतिमा विसर्जन किया जा सकेगा। आयोजकों को विसर्जन जुलूस में शामिल होने वाले वाहनों की संख्या, श्रद्धालुओं की अनुमानित संख्या, साउंड सिस्टम तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्रशासन को देनी होगी।
कलेक्टर श्री व्यास ने आज राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही न हो, इसके लिए आयोजकों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। उन्होंने मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने तथा विसर्जन के दौरान अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विसर्जन के दौरान आयोजकों की लापरवाही के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय घटना होती है, तो जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए संबंधित आयोजकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजकों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से विसर्जन संपन्न कराने की अपील की है।
विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
कलेक्टर श्री व्यास ने अधिकारियों को गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त लाइटिंग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम करने को कहा। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से विसर्जन के दौरान व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने और संबंधित आयोजकों के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा, ताकि गणेश विसर्जन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके। बैठक में जिले के समस्त एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित थे।


