मंडल के शहडोल स्टेशन के रेलवे उप मंडलीय चिकित्सालय में बहुद्देशीय चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन |
273 रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, 77 का बोन मिनरल डेंसिटी परीक्षण
बिलासपुर : रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बिलासपुर मंडल द्वारा नियमित रूप से बहुद्देशीय चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शेख सिराजुद्दीन के नेतृत्व में 16 सितम्बर 2026 को शहडोल स्टेशन स्थित रेलवे उप मंडलीय चिकित्सालय में बहुद्देशीय चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में शिशु रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग विशेषज्ञों एवं फिजीशियन द्वारा रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शहडोल क्षेत्र के विभिन्न विभागों से लगभग 273 रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ लिया। इस दौरान 55 कर्मचारियों को टिटनेस के टीके लगाए गए तथा हड्डियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए 77 रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों का बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) परीक्षण किया गया।
शिविर में रक्तचाप, मधुमेह, ऊंचाई एवं वजन की जांच के साथ विभिन्न बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई तथा आवश्यकतानुसार दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न बीमारियों के लक्षण, उनसे बचाव, आवश्यक सावधानियों एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शेख सिराजुद्दीन ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, जीवनशैली जनित रोगों की रोकथाम तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दित्ययानी ने महिलाओं में होने वाले विभिन्न कैंसर की रोकथाम, समय पर जांच एवं एचपीवी टीकाकरण के महत्व के संबंध में स्वास्थ्य जागरूकता एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
शिविर में सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी, मनेन्द्रगढ़ डॉ. नितिन शाह, सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी, शहडोल डॉ. प्रत्यय बेरा सहित हड्डी रोग विशेषज्ञ, फिजीशियन, शिशु रोग विशेषज्ञ, चिकित्सा विभाग के निरीक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।


