चोरी के प्रकरण में फरार दूसरे आरोपी अनिल चंद्राकर गिरफ्तार
आरोपी के कब्जे से चोरी की 5 लकड़ी की मूर्तियां बरामद
चोरी की गई सभी 17 लकड़ी की मूर्तियां बरामद
नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी नारायणपुर अजय सिंह एवं थाना प्रभारी नारायणपुर विनीत दुबे के नेतृत्व में नारायणपुर पुलिस द्वारा अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना नारायणपुर में दर्ज चोरी के प्रकरण में फरार चल रहे दूसरे आरोपी अनिल चंद्राकर, पिता शुभनंदन चंद्राकर, उम्र 37 वर्ष, निवासी नरहरपुर, जिला कोंडागांव को नारायणपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की 5 नग लकड़ी की मूर्तियां बरामद कर जब्त की गई हैं।
दिनांक 28.08.2026 को प्रार्थी पंडी राम मंडावी, निवासी ग्राम गढ़बेंगाल, थाना एवं जिला नारायणपुर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि नारायणपुर स्थित आर्ट स्टूडियो से मोबाइल फोन एवं 17 नग लकड़ी की मूर्तियां, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 80,000 रुपये है, चोरी हो गई हैं।
रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 85/2026, धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं सूचना के आधार पर पूर्व में आरोपी मनोज विश्वकर्मा, पिता श्यामलाल विश्वकर्मा, उम्र 30 वर्ष, निवासी पाता नरहरपारा, थाना एवं जिला कोंडागांव को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी मनोज विश्वकर्मा की निशानदेही पर चोरी की गई 12 नग लकड़ी की मूर्तियां बरामद कर जब्त की गई थीं।
प्रकरण में शामिल फरार आरोपी अनिल चंद्राकर की तलाश लगातार की जा रही थी। पुलिस टीम द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपी अनिल चंद्राकर को नरहरपुर, जिला कोंडागांव से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 5 नग लकड़ी की मूर्तियां बरामद कर विधिवत जब्त की गई हैं।
इस प्रकार प्रकरण में चोरी की गई सभी 17 नग लकड़ी की मूर्तियां बरामद कर ली गई हैं। प्रकरण में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। आरोपी अनिल चंद्राकर के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रकरण में विवेचना एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
नारायणपुर पुलिस का संदेश
अपराधियों के विरुद्ध नारायणपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। आमजन से अपील है कि अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा अपराध नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करें।


