ब्रेकिंग जशपुर: जांच रिपोर्ट मिलते ही 24 घंटे में कार्रवाई! फरसाबहार BEO दुर्गेश देवांगन पर गिरी कलेक्टर की गाज, पद से हटाकर जिला पंचायत किया अटैच; अब सी.आर. भगत संभालेंगे BEO की कमान

ब्रेकिंग जशपुर: जांच रिपोर्ट मिलते ही 24 घंटे में कार्रवाई! फरसाबहार BEO दुर्गेश देवांगन पर गिरी कलेक्टर की गाज, पद से हटाकर जिला पंचायत किया अटैच; अब सी.आर. भगत संभालेंगे BEO की कमान

जशपुर प्रशासन का बड़ा एक्शन: भ्रष्टाचार, मानसिक प्रताड़ना व आर्थिक शोषण के गंभीर आरोपों में घिरे फरसाबहार BEO दुर्गेश देवांगन हटाए गए, जिला पंचायत अटैच

जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्ट्या आरोप सही पाए जाने पर कलेक्टर रोहित व्यास ने की सख्त कार्रवाई; स्वामी आत्मानंद स्कूल तपकरा के प्रभारी प्राचार्य सी.आर. भगत को सौंपी गई नई जिम्मेदारी

जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शिक्षा महकमे में लंबे समय से चल रही मनमानी, भ्रष्टाचार और शोषण की शिकायतों पर जिला प्रशासन ने बड़ा हंटर चलाया है। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय फरसाबहार में पदस्थ बीईओ श्री दुर्गेश देवांगन को गंभीर वित्तीय अनियमितताओं, आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना और पद के खुले दुरुपयोग के मामलों में प्रथम दृष्ट्या दोषी पाए जाने के बाद तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है।

कलेक्टर श्री रोहित व्यास द्वारा 09 सितंबर 2026 को जारी आधिकारिक आदेश (क्रमांक 2221) के अनुसार, दुर्गेश देवांगन को बीईओ फरसाबहार के दायित्व से मुक्त करते हुए कार्यालय जिला पंचायत जशपुर में संलग्न (अटैच) कर दिया गया है।

जांच प्रतिवेदन में खुली कलई, प्रथम दृष्ट्या सही पाए गए आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी दुर्गेश देवांगन के कार्यप्रणाली के खिलाफ अधीनस्थ शिक्षकों और कर्मचारियों द्वारा गंभीर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इन शिकायतों में मुख्य रूप से:

  • शिक्षकों व कर्मचारियों का कथित आर्थिक शोषण,
  • कार्यस्थल पर मानसिक प्रताड़ना,
  • वित्तीय मामलों में अनियमितता व भ्रष्टाचार, तथा
  • पदीय मर्यादा का उल्लंघन व पद का खुला दुरुपयोग शामिल था।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कार्यालय जिला पंचायत जशपुर द्वारा लेखा अधिकारी के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई थी। जांच दल द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन (क्रमांक 1328/लेखा अधि/जांच/2026, दिनांक 08.09.2026) में दुर्गेश देवांगन के विरुद्ध लगाए गए सभी आरोप प्रथम दृष्ट्या सही पाए गए। जांच रिपोर्ट मिलते ही 24 घंटे के भीतर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए निष्कासन व अटैचमेंट का आदेश जारी कर दिया।

सी.आर. भगत को मिला फरसाबहार BEO का प्रभार

प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, तपकरा (विकासखण्ड फरसाबहार) के प्रभारी प्राचार्य (मूलपद व्याख्याता) श्री सी.आर. भगत को आगामी आदेश पर्यन्त अस्थाई रूप से प्रभारी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, फरसाबहार की कमान सौंपी है। उन्हें फरसाबहार बीईओ के सभी प्रशासनिक एवं वित्तीय दायित्वों के निर्वहन हेतु अधिकृत किया गया है।

3 दिन के भीतर प्रभार सौंपने का सख्त फरमान

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि हटाए गए बीईओ श्री दुर्गेश देवांगन 3 दिवस के भीतर नए प्रभारी अधिकारी श्री सी.आर. भगत को संपूर्ण प्रभार सौंपना सुनिश्चित करें। साथ ही, कार्यभार सौंपने एवं जिला पंचायत में उपस्थिति दर्ज कराने संबंधी पालन प्रतिवेदन (Compliance Report) जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जशपुर में प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

जिले के प्रशासनिक गलियारों में मचा हड़कंप

कलेक्टर रोहित व्यास की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से जिले के शिक्षा महकमे सहित अन्य प्रशासनिक विभागों में हड़कंप मच गया है। भ्रष्टाचार और कर्मचारियों के शोषण के मामलों पर जिला प्रशासन की इस ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति की क्षेत्र के शिक्षक संगठनों एवं आम जनता द्वारा सराहना की जा रही है। माना जा रहा है कि प्रारंभिक जांच में पुष्टि होने के बाद अब संबंधित अधिकारी के विरुद्ध विभागीय जांच (DE) और अनुशासनात्मक कार्रवाई भी तेज हो सकती है।

Breaking Jashpur