ब्रेकिंग जशपुर: जांच रिपोर्ट आते ही कलेक्टर ने चलाया बड़ा डंडा! प्रभारी ABEO रविन्द्रनाथ साय पर गिरी गाज, 24 घंटे में पद से हटाकर DEO कार्यालय किया अटैच—आरोपों से शिक्षा महकमे में सनसनी!

ब्रेकिंग जशपुर: जांच रिपोर्ट आते ही कलेक्टर ने चलाया बड़ा डंडा! प्रभारी ABEO रविन्द्रनाथ साय पर गिरी गाज, 24 घंटे में पद से हटाकर DEO कार्यालय किया अटैच—आरोपों से शिक्षा महकमे में सनसनी!

जशपुर में कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई: फरसाबहार के प्रभारी ABEO रविन्द्रनाथ साय हटाए गए, DEO कार्यालय में किया गया अटैच

आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना, भ्रष्टाचार व पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोप; जांच प्रतिवेदन में प्रथम दृष्टया पुष्टि के बाद कलेक्टर रोहित व्यास ने जारी किया आदेश

जशपुर / फरसाबहार : जशपुर जिले के शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। विकासखंड फरसाबहार में पदस्थ प्रभारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (ABEO) श्री रविन्द्रनाथ साय के विरुद्ध गंभीर शिकायतों की प्राथमिक पुष्टि होने के बाद कलेक्टर रोहित व्यास ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय जशपुर में संलग्न (अटैच) कर दिया है। प्रशासन की इस सख्त व त्वरित कार्रवाई से समूचे शिक्षा विभाग व प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

जांच में प्रथम दृष्टया सही पाए गए आरोप

आधिकारिक आदेश के अनुसार, प्रभारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री रविन्द्रनाथ साय (मूल पद: प्रधान पाठक) के विरुद्ध लंबे समय से पद के दुरुपयोग, कथित आर्थिक शोषण, मातहतों की मानसिक प्रताड़ना एवं गंभीर भ्रष्टाचार की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।

इन शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए जिला पंचायत जशपुर द्वारा जांच कराई गई। कार्यालय जिला पंचायत जशपुर के पत्र क्रमांक 1328/लेखा अधि./जांच/2026 (दिनांक 08.09.2026) के माध्यम से प्रस्तुत विस्तृत जांच प्रतिवेदन में उनके ऊपर लगे आरोप प्राथमिक स्तर पर सही पाए गए।

तत्काल प्रभाव से DEO कार्यालय में अटैच

जांच प्रतिवेदन में पुष्टि होने के 24 घंटे के भीतर ही जिला कलेक्टर रोहित व्यास ने कड़ा निर्णय लेते हुए दिनांक 09 सितम्बर 2026 को आदेश जारी किया। आदेश में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना एवं पद के दुरुपयोग की पुष्टि प्रथम दृष्टया होने के फलस्वरूप श्री रविन्द्रनाथ साय को फरसाबहार विकासखंड से हटाकर तत्काल प्रभाव से कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी जशपुर में संलग्न किया जाता है।

उच्चाधिकारियों को भेजी गई प्रतिलिपि

कलेक्टर द्वारा जारी इस आदेश की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव (मंत्रालय, नवा रायपुर), लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक, सरगुजा संभाग आयुक्त, संयुक्त संचालक (संभागीय लोक शिक्षण, अंबिकापुर), जिला पंचायत सीईओ, जिला कोषालय अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक (समग्र शिक्षा), विकासखंड शिक्षा अधिकारी फरसाबहार तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कंदईबहार के प्रधान पाठक को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ प्रेषित की गई है।

प्रशासन का सख्त संदेश: अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं

जिले में पदस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच यह कार्रवाई एक कड़ा संदेश मानी जा रही है। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी भी स्तर पर पद का दुरुपयोग, कर्मचारियों का मानसिक व आर्थिक शोषण अथवा वित्तीय अनियमितता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रारंभिक जांच के आधार पर हुई इस कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे विभागीय जांच व अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है।

Breaking Jashpur