जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने ग्राम पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की
सभी विकासकार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा में करने के निर्देश
जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार, पत्थलगांव एसडीएम श्री क्षितिज गुरभेले, समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ने विशेष प्रयास के निर्देश
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री व्यास ने स्व-सहायता समूहों में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय की महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा, ताकि वे आजीविकामूलक गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो। कलेक्टर ने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के महत्व एवं उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी देने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को समूहों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित बैंक लिंकेज के प्रकरणों को शीघ्र पूर्ण करने तथा महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित उद्यमों के लिए ऋण वितरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को शासकीय माध्यमों से ऋण उपलब्ध कराने में हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि महिलाएं अनधिकृत एवं असुरक्षित वित्तीय माध्यमों पर निर्भर न हों।
आवास निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर श्री व्यास ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पीएम जनमन आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में संचालित सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करते हुए गुणवत्ताविहीन कार्य पाए जाने पर संबंधितों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएमएफ के कार्यों में अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई
कलेक्टर ने जिला खनिज न्यास निधि के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए एवं इस निधि अंतर्गत शाला भवन निर्माण, मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का ही प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीएमएफ के कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही अथवा नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छता एवं पेयजल कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने ओडीएफ प्लस मॉडल, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, गांवों में कचरा संग्रहण व्यवस्था, हाट-बाजारों की नियमित साफ-सफाई, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट तथा स्वच्छता श्रमदान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को इन सभी कार्यों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं पेयजल से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें।


