सागर मध्यप्रदेश स्थित कत्लखाने ले जाए जा रहे 15 मवेशियों का अवैध परिवहन पकड़ा, धमधा पुलिस ने 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया
आइसर वाहन में 03 नग पड़वा एवं 12 नग भैंस सहित कुल 15 मवेशियों को बिना पर्याप्त चारा-पानी के ठूंस-ठूंसकर क्रूरतापूर्वक परिवहन किया जा रहा था।
मुखबिर एवं गौसेवक से प्राप्त सूचना पर धमधा पुलिस ने बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर आइसर वाहन को रोककर मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया।
पूछताछ में आरोपियों द्वारा मवेशियों को नंदिनी क्षेत्र से सागर, मध्यप्रदेश स्थित कत्लखाने ले जाना बताया गया।
मामले में 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया।
दिनांक 05.09.2026 को धमधा पुलिस ने अवैध एवं क्रूरतापूर्वक मवेशियों के परिवहन की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 मवेशियों को बरामद कर 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दुर्ग : दिनांक 05.09.2026 को मुखबिर एवं गौसेवक के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि धमधा की ओर एक आइसर वाहन में मवेशियों को अवैध रूप से बिना पर्याप्त चारा-पानी के ठूंस-ठूंसकर भरकर कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना धमधा पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड, धमधा स्थित साहू होटल के सामने घेराबंदी की गई।
इसी दौरान आइसर वाहन क्रमांक UP 83 ET 3857 मौके पर पहुंचा। पुलिस एवं गौसेवकों द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर वाहन चालक द्वारा वाहन को आगे ले जाने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। मौके पर गौसेवकों द्वारा वाहन चालक से विवाद एवं चक्काजाम की स्थिति निर्मित होने पर पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात सुचारू कराया गया।
वाहन की जांच करने पर उसके पीछे डाला में हरे रंग की तिरपाल से ढककर मवेशियों को रखा गया था। वाहन के अंदर 03 नग पड़वा एवं 12 नग काले रंग की भैंस, कुल 15 नग मवेशी पाए गए। मवेशियों को पर्याप्त चारा-पानी के बिना क्रूरतापूर्वक परिवहन किया जा रहा था।
पूछताछ में वाहन चालक शिवशंकर उम्र 35 वर्ष एवं उसके साथी परविंद कुमार उम्र 42 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम खेरिया सिकमी गोहाना, थाना फरिहा, जिला फिरोजाबाद, उत्तरप्रदेश द्वारा मवेशियों को नंदिनी क्षेत्र से सागर, मध्यप्रदेश स्थित कत्लखाने ले जाना बताया गया।
मामले में थाना धमधा में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को दिनांक 05.09.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जप्त मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर उनके सुरक्षित रख-रखाव हेतु आवश्यक कार्रवाई के लिए पशु चिकित्सालय, धमधा भेजा गया है। प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
आरोपियों द्वारा मवेशियों को वाहन के पीछे बने डाले में तिरपाल से ढककर पर्याप्त चारा-पानी उपलब्ध कराए बिना अधिक संख्या में ठूंस-ठूंसकर भरकर एक स्थान से दूसरे स्थान तक परिवहन किया जा रहा था। पूछताछ में मवेशियों को सागर, मध्यप्रदेश स्थित कत्लखाने ले जाना बताया गया।
घटना स्थल
बस स्टैंड के पास, साहू होटल के सामने, धमधा, थाना धमधा, जिला दुर्ग (छ.ग.)।
आरोपी का नाम
1. शिवशंकर, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम खेरिया सिकमी गोहाना, थाना फरिहा, जिला फिरोजाबाद, उत्तरप्रदेश।
2. परविंद कुमार, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम खेरिया सिकमी गोहाना, थाना फरिहा, जिला फिरोजाबाद, उत्तरप्रदेश।
जप्त सामग्री
1. आइसर वाहन क्रमांक UP 83 ET 3857, अनुमानित कीमत ₹21,90,000।
2. 03 नग पड़वा एवं 12 नग भैंस, कुल 15 नग मवेशी।
सराहनीय कार्य
उक्त कार्रवाई में थाना धमधा के प्रशिक्षु उप निरीक्षक सत्यवान राठौर, आरक्षक अरुण चौहान क्रमांक 564 एवं चालक आरक्षक यशवंत साहू क्रमांक 533 की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि पशुओं के अवैध परिवहन, क्रूरतापूर्वक परिवहन अथवा पशुओं से संबंधित किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस को दें। कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना देकर वैधानिक कार्रवाई में सहयोग करें। ऐसे मामलों में कानून के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


