डिजिटल रफ्तार : सेवा सेतु पोर्टल से 48 घंटे में मिला विवाह प्रमाण पत्र
विष्णु भैया सरकार की सुशासन में घर बैठे मिली सुविधा, सुनील और जलकुंवर को बिना बिचौलिए और अतिरिक्त शुल्क के मिला डिजिटल प्रमाण पत्र
सेवा सेतु पोर्टल के प्रति बढ़ रहा लोगों का भरोसा, सरल और पारदर्शी व्यवस्था के चलते लगातार आ रहे ऑनलाइन आवेदन
सारंगढ़-बिलाईगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन की सोच के अनुरूप छत्तीसगढ़ में शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम कारीमाठि, सरिया, विकासखंड बरमकेला निवासी सुनील कुमार सिदार एवं जलकुंवर सिदार को विवाह के बाद आवश्यक विवाह प्रमाण पत्र सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से महज 48 घंटे में प्राप्त हुआ।
सुनील कुमार सिदार एवं जलकुंवर सिदार का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ था। विवाह के बाद प्रमाण पत्र की आवश्यकता होने पर सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने और प्रक्रिया में लगने वाले समय को लेकर दोनों चिंतित थे। इसी दौरान एक मित्र ने उन्हें सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने घर बैठे ही विवाह पंजीकरण के लिए आवेदन किया।
सेवा सेतु पोर्टल पर विवाह पंजीकरण सेवा का चयन कर ऑनलाइन आवेदन किया गया। आवेदन के साथ विवाह की तस्वीर, निमंत्रण पत्र, वर-वधू के आधार कार्ड तथा गवाहों के पहचान संबंधी दस्तावेज डिजिटल रूप से अपलोड किए गए। आवेदन जमा होते ही पावती संख्या प्राप्त हुई, जिसके माध्यम से आवेदन की स्थिति की जानकारी भी आसानी से ली जा सकी।
जिला प्रशासन द्वारा डिजिटल माध्यम से प्राप्त आवेदन के सत्यापन और निराकरण की प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाया गया। संबंधित विवाह पंजीयक कार्यालय द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का डिजिटल सत्यापन किया गया। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदन स्वीकृत किया गया और पंजीकृत मोबाइल नंबर पर डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित विवाह प्रमाण पत्र डाउनलोड करने का लिंक भेजा गया।
आवेदन करने के महज 48 घंटे के भीतर सुनील कुमार सिदार एवं जलकुंवर सिदार को विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने के कारण उन्हें प्रमाण पत्र के लिए बार-बार कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए किसी बिचौलिए की सहायता भी नहीं ली गई और न ही अतिरिक्त शुल्क देना पड़ा।
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से शासकीय सेवाओं का लाभ लेने वाले नागरिकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा, दस्तावेजों को डिजिटल रूप से जमा करने की व्यवस्था और आवेदन की स्थिति की जानकारी मिलने से लोगों को प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की जानकारी घर बैठे मिल रही है। इसके चलते पोर्टल पर विभिन्न सेवाओं के लिए लगातार ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन की सेवाओं को आम नागरिकों के लिए सहज और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा भी डिजिटल माध्यम से प्राप्त आवेदनों के त्वरित सत्यापन और निराकरण की प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विवाह पंजीकरण सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज अपलोड, आवेदन की स्थिति की जानकारी, सत्यापन और डिजिटल प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।


