जशपुर : गौ-वंश तस्करी के विरूद्ध जशपुर में पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार तेज होता जा रहा है। कुनकुरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर झारखंड की ओर पैदल हांककर ले जाए जा रहे 08 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं सिटी कोतवाली पुलिस ने पुराने पशु तस्करी के दो मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 05 आरोपियों को भी दबोच लिया। जनवरी से अब तक 86 मामलों में 985 गौवंश मुक्त कराए जा चुके हैं।
गौ तस्करी के विरुद्ध लगातार जारी है ऑपरेशन शंखनाद –
जशपुर जिले में गौ-वंश तस्करी के विरुद्ध डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस द्वारा ऑपरेशन शंखनाद लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस द्वारा गौ-वंश तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 02.09.2026 को थाना कुनकुरी पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए 08 नग गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
वहीं थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस द्वारा गौ-वंश तस्करी के दो पुराने प्रकरणों में फरार चल रहे पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
थाना कुनकुरी : 08 गौवंश मुक्त, एक तस्कर गिरफ्तार –
दिनांक 02.09.2026 को थाना कुनकुरी पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान ग्राम हर्राडांड के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति टांगरबहरी रोड की ओर से गौ-वंशों को पैदल हांकते हुए झारखंड राज्य की ओर ले जा रहे हैं। मुखबिर की सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान की ओर रवाना हुई।
मौके पर पुलिस टीम ने देखा कि एक व्यक्ति 08 नग गौ-वंशों को पैदल हांककर ले जा रहा था। पुलिस टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर उक्त व्यक्ति को हिरासत में लिया गया तथा उसके कब्जे से सभी 08 नग गौ-वंशों को सकुशल बरामद किया गया।
वैध दस्तावेज नहीं कर सका प्रस्तुत –
हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अशोक कुमार यादव, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम वासुदेवपुर, थाना दुलदुला, जिला जशपुर बताया। पुलिस द्वारा गौ-वंशों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन आरोपी द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज –
प्रकरण में थाना कुनकुरी पुलिस द्वारा आरोपी अशोक कुमार यादव के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन एवं लकड़ी का डंडा भी जप्त किया गया है।
सिटी कोतवाली के दो पुराने मामलों में 05 फरार आरोपी गिरफ्तार –
थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस द्वारा पशु तस्करी के संबंध में दिनांक 06.01.2026 एवं 22.02.2026 को अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए थे।
दिनांक 06.01.2026 का प्रकरण –
दिनांक 06.01.2026 को पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर डूमरटोली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 10 नग गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया था। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। विवेचना के दौरान अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस द्वारा उनकी पहचान कर लगातार पतासाजी की जा रही थी।
दिनांक 22.02.2026 का प्रकरण –
दिनांक 22.02.2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा किनकेल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 04 नग गौ-वंशों को सकुशल मुक्त कराया गया था। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। दोनों प्रकरणों में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर के निर्देश पर पुलिस द्वारा एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही थी। विवेचना, पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें चिन्हित किया गया।
पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष पुलिस टीम गठित की गई। विशेष पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी एवं विशेष पुलिसिंग करते हुए पाँच फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
गिरफ्तार फरार आरोपियों के नाम –
1. बीरबल राम भगत उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम डुमरटोली थाना जशपुर छ ग.
2. मो. अफसर खान, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम लोदाम, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर.
3. शाहिद खान, उम्र 26 वर्ष, निवासी खरवा टोली, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर.
4. मुस्तकीम खान, उम्र 48 वर्ष, निवासी मधुबन टोली, जशपुर.
5. ताजुद्दीन खान, उम्र 43 वर्ष, निवासी खरवाटोली, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर.
जनवरी 2026 से अब तक जशपुर पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही
गौवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस द्वारा जनवरी 2026 से अब तक लगातार प्रभावी कार्रवाई की गई है।
86 प्रकरणों में 985 गौवंश मुक्त,
92 गौ तस्कर गिरफ्तार कर जेल भेजे गए.
गौ तस्करी में प्रयुक्त 31 वाहन जप्त.
जशपुर पुलिस द्वारा गौ-वंश तस्करी के नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौ-वंश तस्करी को लेकर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है। गौ-वंश तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय किया गया है।
उन्होंने कहा कि गौ-वंश तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी तथा गौ तस्करी के नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गौ तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा।
कार्यवाही में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका –
थाना कुनकुरी पुलिस टीम –
प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, अजय कुजूर, आरक्षक मुर्शीद आलम, सुदर्शन कुमार, कन्हैया यादव एवं साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस टीम –
निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उपनिरीक्षक मनोज साहू, प्रधान आरक्षक प्रीतम टोप्पो, आरक्षक उपेंद्र सिंह, विनोद तिर्की, नगर सैनिक रवि डनसेना सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।


